Jharkhand News : प्रोटोकॉल तोड़ सड़क किनारे चाय की दुकान पर अचानक रुके सीएम हेमंत सोरेन, पत्नी कल्पना सोरेन ने खुद बनाई चाय

Jharkhand News : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान अचानक एक चाय समोसे की दुकान पर रुक गए. जहाँ उनकी पत्नी ने खुद चाय बनायीं......पढ़िए आगे

विधायक ने बनायीं चाय - फोटो : SOCIAL MEDIA

RANCHI : माता रूपी सोरेन के निधन के बाद मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव नेमरा में करीब 14 दिनों तक रहे। रविवार को नेमरा में संस्कार भोज का आयोजन हुआ और सोमवार को रामगढ़ के रजरप्पा स्थित दामोदर-भैरवी संगम पर उनकी दिवंगत माता की अस्थियों का विसर्जन किया गया। सड़क निरीक्षण के सिलसिले में मंगलवार को मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों का जायजा लेते हुए अपने पैतृक गांव को जोड़ने वाली बरलंगा–नेमरा–कसमार सड़क का निरीक्षण किया और कसमार पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी एवं गांडेय से विधायक कल्पना सोरेन भी विशेष रूप से मौजूद थीं।

दौरे के दौरान सड़क निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री बाजारटांड़ चौक पर कुणाल जायसवाल की एक साधारण चाय-पकौड़ी की दुकान पर अचानक रुक गए। इस दौरान कल्पना सोरेन ने खुद अपने हाथों से चाय बनाई, और मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद आम लोगों के साथ बेंच पर बैठकर चाय-पकौड़ी का आनंद लिया।

इसके बाद मुख्यमंत्री और विधायक ने सेवाती घाटी पहुंचकर वहां की वर्तमान स्थिति और विकास की संभावनाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान क्षेत्र के विकास को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

किसी भी प्रकार के कड़े प्रशासनिक प्रोटोकॉल या औपचारिक कार्यक्रम से हटकर मुख्यमंत्री और विधायक का यह बेहद सरल और सहज अंदाज स्थानीय लोगों के बीच भारी उत्साह और आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस दौरान आम लोगों ने उनके साथ खुलकर तस्वीरें भी खिंचवाईं।