Nisha Bhagat Case: निशा भगत की मौत के मामले में CBI की जांच तेज, रांची में 3 जगहों पर एक साथ छापेमारी और पूछताछ

Nisha Bhagat Case: आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में CBI ने रांची में तीन जगहों पर जांच की। अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा से पूछताछ की गई।

Nisha Bhagat Case: आदिवासी नेत्री निशा भगत की कथित आत्महत्या के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच तेज कर दी है। सोमवार को केस अपने हाथ में लेने के बाद सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने रांची में तीन जगहों पर एक साथ जांच की। इस दौरान मामले के दोनों नामजद आरोपियों अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा से पूछताछ की गई। वहीं, तीसरी टीम ने निशा भगत के घर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्राइम सीन दोबारा तैयार कर सबूत जुटाने की कोशिश की।


तीन टीमों ने अलग-अलग जगहों पर की जांच


दिल्ली स्थित सीबीआई की विशेष अपराध शाखा-1 में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद एजेंसी की टीमें सोमवार को रांची पहुंचीं। शाम करीब 4:20 बजे सीबीआई की एक टीम केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की के पहाड़ी टोला स्थित घर पहुंची। वहां उनसे मामले से जुड़े सवाल पूछे गए।


वहीं, छह सदस्यों वाली दूसरी टीम नामजद आरोपी ज्योत्सना केरकेट्टा के घर पहुंची। टीम ने उनसे भी पूछताछ की और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। तीसरी टीम पिठौरिया थाना क्षेत्र के डहूटोली स्थित निशा भगत के घर पहुंची। इसी घर में 6 नवंबर को उनकी मौत हुई थी। सीबीआई अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्राइम सीन दोबारा तैयार कर जांच के लिए सबूत जुटाने की कोशिश की।


पिता की शिकायत पर दर्ज हुई थी FIR


निशा भगत की मौत के बाद उनके पिता हांदू भगत ने पिठौरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी को मानसिक रूप से परेशान किया गया और उसे आत्महत्या के लिए उकसाया गया। इस शिकायत के आधार पर पिठौरिया थाने में प्राथमिकी संख्या 114/2026 दर्ज की गई थी। इसमें केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद आरोपी बनाया गया था। कुछ अज्ञात लोगों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। सीबीआई ने इसी प्राथमिकी के आधार पर अपना केस दर्ज किया है। एजेंसी आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है। हालांकि, आरोपों की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।


फेसबुक लाइव में निशा ने बताई थी अपनी परेशानी


6 नवंबर को निशा भगत की डहूटोली स्थित उनके घर में मौत हो गई थी। इससे पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के दौरान रोते हुए अपनी परेशानी बताई थी। लाइव में उन्होंने जमीन कारोबारियों पर परेशान करने, सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए थे। इस दौरान उन्होंने अजय तिर्की का नाम भी लिया था। बताया गया है कि आत्महत्या से पहले निशा ने पिठौरिया थाना प्रभारी को फोन कर अपनी स्थिति के बारे में जानकारी दी थी। इस घटना के बाद मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई थी।


विरोध के बाद सरकार ने की थी CBI जांच की सिफारिश


निशा भगत की मौत के मामले में भाजपा, आजसू और कई आदिवासी संगठनों ने विरोध जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। उनके परिवार ने भी मामले की गहराई से जांच कराने की अपील की थी। इसके बाद राज्य सरकार ने पिठौरिया थाना प्रभारी को निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। अब सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रांची में तीन जगहों पर हुई कार्रवाई को जांच की शुरुआती कड़ी माना जा रहा है। आने वाले दिनों में सीबीआई पूछताछ, घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की जांच करेगी।