ब्लिंकिट से दवा मंगवाई, फिर अचेत मिले वीर सोरेन: मनाली में झारखंड के पूर्व सीएम के पोते का निधन

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पोते वीर सोरेन की मनाली में हुई दुखद और संदिग्ध मृत्यु के बाद से नित नए खुलासे हो रहे है.तबीयत बिगड़ने पर वीर सोरेन के दोस्तों ने 'ब्लिंकिट' (Blinkit) के जरिए ऑनलाइन दवा मंगवाई थी।

ब्लिंकिट से दवा मंगवाई, फिर अचेत मिले वीर सोरेन: मनाली में झारखंड के पूर्व सीएम के पोते का निधन- फोटो : news 4 nation

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पोते, वीर सोरेन की हिमाचल प्रदेश के मनाली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ मनाली घूमने गए थे, जहाँ एक होम स्टे में ठहरने के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया, जिससे परिवार और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

पर्यटन के दौरान बिगड़ी अचानक तबीयत

घटनाक्रम के अनुसार, वीर सोरेन 22 फरवरी 2026 को अपने दोस्तों के साथ मनाली पहुंचे थे और सिमसा क्षेत्र के एक होम स्टे में ठहरे थे। 23 फरवरी को उन्होंने सोलंग और सेथन की पहाड़ियों का भ्रमण किया। 24 फरवरी की दोपहर करीब 12:30 बजे जब वे वापस अपने कमरे में लौटे, तो उन्होंने सिर में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत की, जिसके बाद स्थिति गंभीर होती चली गई।

ऑनलाइन दवा और अचेत अवस्था

तबीयत बिगड़ने पर वीर सोरेन के दोस्तों ने 'ब्लिंकिट' (Blinkit) के जरिए ऑनलाइन दवा मंगवाई थी। दवा लेने के बाद वे कुछ देर के लिए सो गए, लेकिन दोपहर करीब 2:30 बजे कमरे में उनके गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। जब दोस्त कमरे के अंदर पहुंचे, तो वीर सोरेन फर्श पर अचेत (बेहोश) पड़े थे। आनन-फानन में उन्हें निजी वाहन से अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले मुंह से निकला झाग

इस मामले में सबसे चौंकाने वाला और संदिग्ध पहलू वीर सोरेन की शारीरिक स्थिति रही। प्रत्यक्षदर्शियों और दोस्तों के अनुसार, जब उन्हें मनाली के सिविल अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब उनके मुंह से झाग निकल रहा था। अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने उनकी जांच की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस प्रशासन की गहन जांच

कुल्लू के पुलिस अधीक्षक (SP) मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं से इस मौत की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने वीर सोरेन के साथ आए दोस्तों के बयान दर्ज किए हैं और होम स्टे के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा जांच का इंतजार किया जा रहा है।

पैतृक गांव में अंतिम संस्कार की तैयारी

वीर सोरेन के पार्थिव शरीर को झारखंड लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उनके पैतृक गांव में आज अंतिम संस्कार किया जाना है, जिसमें वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित राज्य के कई बड़े राजनेताओं के शामिल होने की संभावना है। चंपाई सोरेन के परिवार के लिए यह एक अपूर्णीय क्षति है, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है।