Jharkhand News : झारखंड में लोजपा (रा) के नए प्रधान महासचिव बने विकास रंजन उर्फ पप्पू सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन पासवान ने सौंपी जिम्मेदारी

Jharkhand News : लोजपा (रा) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन पासवान ने विकास रंजन को झारखंड प्रदेश का प्रधान महासचिव मनोनीत किया है।

विकास रंजन को नई जिम्मेवारी - फोटो : SOCIAL MEDIA

RANCHI : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने झारखंड में संगठन को और अधिक मजबूत तथा प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन पासवान ने विकास रंजन उर्फ पप्पू सिंह को लोजपा (रामविलास), झारखंड प्रदेश का नया प्रधान महासचिव मनोनीत किया है। इस मनोनयन से राज्यभर के पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।

मनोनयन पत्र सौंपते हुए प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन पासवान ने विकास रंजन की संगठनात्मक क्षमताओं पर पूरा भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि विकास रंजन अपने नए दायित्व का निर्वहन दलहित और संगठनहित में पूरी निष्ठा के साथ करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पार्टी का ढांचा बूथ स्तर तक सशक्त, सक्रिय और मजबूत बनेगा।

पार्टी नेतृत्व और पदाधिकारियों की ओर से विकास रंजन उर्फ पप्पू सिंह को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनके उज्ज्वल और सफल संगठनात्मक भविष्य की कामना की। नवनिर्वाचित प्रधान महासचिव विकास रंजन ने भी शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी के विचारों और राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के विजन को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। 

उन्होंने आश्वस्त किया कि झारखंड प्रदेश में लोजपा (रामविलास) के जनाधार को बढ़ाना और कार्यकर्ताओं को एकजुट रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।