खूनी वैलेंटाइन: अवैध संबंधों में बाधक बना मासूम,मां ने 'रोज डे' पर बेटे का बहाया खून

अवैध संबंध के चलते एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने नाबालिग बेटे की हत्या कर दी. बेटे को मां के अवैध संबंध की जानकारी हो गई थी और वह इसका विरोध कर रहा था.

खूनी वैलेंटाइन: अवैध संबंधों में बाधक बना मासूम,मां ने 'रोज डे' पर बेटे का बहाया खून - फोटो : news 4 nation

झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहड़वा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ 'वैलेंटाइन वीक' के पहले दिन यानी 7 फरवरी (रोज डे) की रात को एक मां ने अपने ही नाबालिग बेटे की जान ले ली। आरोपी महिला मीनू देवी का अपने ही रिश्ते के भांजे रोहित साहा के साथ अवैध प्रेम संबंध था। जिस दिन दुनिया प्यार का इजहार कर रही थी, उसी रात एक मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर ममता का गला घोंट दिया।

राज खुलने के डर से रची साजिश

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मृतक नाबालिग आयुष कुमार ने अपनी मां को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। आयुष इस अनैतिक संबंध का लगातार विरोध कर रहा था। लोक-लाज और अवैध संबंधों का खुलासा होने के डर से मां और उसके प्रेमी ने आयुष को रास्ते से हटाने की साजिश रची। उन्होंने मिलकर मासूम का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव को ठिकाने लगा पुलिस को किया गुमराह

हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छुपाने के लिए आयुष के शव को गांव के पास एक तालाब के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। समाज और पुलिस की नजरों से बचने के लिए उन्होंने खुद ही अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया ताकि किसी को उन पर शक न हो। हालांकि, मासूम के शरीर पर मौजूद नाखून के निशान और गले घोंटने के संकेतों ने पुलिस के शक की सुई परिवार की ओर मोड़ दी।

पूछताछ में टूटा सब्र, आरोपी गिरफ्तार

बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो मीनू देवी और उसके प्रेमी रोहित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। हैरानी की बात यह है कि इसी दौरान रांची में भी अवैध संबंधों के चलते एक देवर की हत्या का मामला सामने आया है, जो समाज में गिरते नैतिक मूल्यों की ओर इशारा करता है।