UPSC क्रैक करना आसान, पर दिल का मामला पेचीदा, 12वीं रैंक लानेवाले आईएएस की अनोखी मैरिज प्रोफाइल, दो कलेक्टर पत्नियों से तलाक के बाद तीसरी बार भी IAS से रचाई शादी

मध्य प्रदेश के चर्चित आईएएस अधिकारी अवि प्रसाद एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने हाल ही में तीसरी बार विवाह किया है। खास बात यह है कि उनकी वर्तमान और पूर्व, तीनों पत्नियां भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी हैं।

N4N desk - मध्य प्रदेश के आईएएस अधिकारी अवि प्रसाद अपनी तीसरी शादी को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया और प्रशासनिक गलियारों में खासी चर्चा बटोर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि अवि प्रसाद की तीनों पत्नियां आईएएस अधिकारी रही हैं। 11 फरवरी 2026 को उन्होंने अपनी तीसरी शादी कूनो नेशनल पार्क में सादगी के साथ संपन्न की, जिसकी खबरें अब सार्वजनिक हो रही हैं। 

तीसरी शादी: आईएएस अंकिता धाकरे के साथ सात फेरे

अवि प्रसाद ने इस बार 2017 बैच की आईएएस अधिकारी अंकिता धाकरे को अपना जीवनसाथी चुना है। अंकिता वर्तमान में मध्य प्रदेश राज्य मंत्रालय में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर तैनात हैं। दोनों का विवाह कूनो नेशनल पार्क के नैसर्गिक वातावरण में संपन्न हुआ। यह विवाह इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि अवि प्रसाद की पिछली दो पत्नियां भी मध्य प्रदेश कैडर में ही कलेक्टर के रूप में कार्यरत हैं। 

पिछली दो पत्नियों का परिचय और करियर

अवि प्रसाद की पहली शादी 2014 बैच की आईएएस रिजु बाफना से हुई थी, जो फिलहाल शाजापुर जिले की कलेक्टर हैं। यह रिश्ता लंबा नहीं चल सका और दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद उन्होंने 2016 बैच की आईएएस मिशा सिंह से दूसरी शादी की। मिशा सिंह मूलतः आंध्र प्रदेश कैडर की थीं, लेकिन शादी के बाद उन्होंने अपना कैडर बदलकर मध्य प्रदेश करा लिया था। लगभग चार साल साथ रहने के बाद यह रिश्ता भी टूट गया; मिशा सिंह फिलहाल रतलाम की कलेक्टर हैं। 

राजनीतिक बैकग्राउंड और शानदार करियर


उत्तर प्रदेश के रहने वाले अवि प्रसाद का पारिवारिक इतिहास राजनीति से जुड़ा है। उनके दादा टम्बेश्वर प्रसाद (बच्चा बाबू) पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की सरकार में मंत्री रह चुके हैं। अवि प्रसाद का अपना करियर भी बेहद प्रभावशाली रहा है। आईएएस बनने से पहले उनका चयन आरबीआई में मैनेजर के तौर पर हुआ था। 2013 में वे आईपीएस बने और अगले ही साल 2014 में यूपीएससी में 12वीं रैंक हासिल कर वे आईएएस अधिकारी बने। 

शैक्षणिक योग्यता और वर्तमान जिम्मेदारी

अवि प्रसाद की शैक्षणिक योग्यता काफी उच्च स्तर की है। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से एलएलबी (LLB) की डिग्री ली है और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, जोधपुर से एमबीए (MBA) व बिजनेस लॉ की पढ़ाई की है। वर्तमान में वे मध्य प्रदेश रोजगार गारंटी परिषद (मनरेगा) के सीईओ के रूप में कार्यरत हैं। इसके साथ ही उनके पास वाटरशेड मिशन और पीएम पोषण शक्ति निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विभागों का अतिरिक्त प्रभार भी है।