बांका में पुलिस की फायरिंग से 11 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से हुआ जख्मी, अस्पताल में चल रहा है इलाज

BANKA : प्रतिबंधित तेतरिया किशनपुर बालू घाट पर रजौन पुलिस द्वारा की गयी फायरिंग से एक 11 वर्षीय बालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी बालक राजवीर यादव है। जिसका फिलवक्त इलाज मायागंज भागलपुर अस्पताल में किया जा रहा है। जख्मी बालक मूलरूप से जगदीशपुर थाना क्षेत्र के देसरी गांव के रवि यादव का पुत्र है। वह पिछले चार वर्षों से ननिहाल किशनपुर में नाना नंदलाल यादव के पास रहकर पढ़ाई कर रहा था।
बताया की देर रात रजौन पुलिस मोहनपुर मोड़ होते हुए नदी में पहुंचा। नदी में एक अवैध बालू लोड करते हुए एक ट्रैक्टर को भी जब्त किया। किशनपुर गांव में एक शादी समारोह में डीजे बज रहा था। नदी में पुलिस आने की सूचना पर गांव के अन्य बच्चों के साथ राजवीर यादव भी नदी में देखने चला गया।
इसी बीच पुलिस ताबड़तोड़ फायरिंग करना शुरू कर दिया। जिससे नदी में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी बीच एक गोली राजवीर यादव के पेट में आकर लग गई। स्वजन ने जख्मी बालक को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल लाया। जहां डा पंकज कुमार ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर दारोगा जनार्दन सिंह पुलिस बल के साथ रेफरल अस्पताल अमरपुर पहुंचे। लेकिन स्वजन बयान देने की स्थिति में नहीं थे। वहीं पुलिस फायरिंग को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने बताया कि घटना अमरपुर थाना क्षेत्र में नहीं घटी है। किसी प्रकार का आवेदन भी प्राप्त नहीं हुआ है। जांच की जा रही है।
बांका से चन्द्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट