होली के बाद अब के के पाठक ने रद्द की ईद की छुटियाँ, 8 से 13 अप्रैल तक चलेगा प्रशिक्षण कार्यक्रम, शिक्षकों में मचा हड़कंप
PATNA : शिक्षा विभाग के एसीएस के के पाठक के नए नए फरमानों से शिक्षकों और कर्मियों में हड़कंप मच जाता है। अब के के पाठक के निर्देश पर विभाग ने एक ऐसा फरमान जारी किया है। जिसके बाद शिक्षकों में आक्रोश देखा जा रहा है।
दरअसल बिहार के स्कूलों में हाल में बहाल शिक्षकों को शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) में लगातार शिफ्ट में प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा से जुड़ा हुआ है। लेकिन इस प्रशिक्षण को लेकर विभाग के फरमान से शिक्षकों में नाराजगी देखी जाती है।
पिछली बार शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए पांच दिन का प्रशिक्षण निश्चित किया गया था। जिसमें होली की छुट्टी भी रद्द कर दी गयी थी। इसके बाद शिक्षक आक्रोशित हो गए थे। हालाँकि शिक्षक संघ और शिक्षक इसका विरोध करते रहे। लेकिन के के पाठक ठस से मस नहीं हुए और होली में भी उनका प्रशिक्षण चलता रहा। इस बार फिर शिक्षकों के लिए 8 से 13 अप्रैल तक प्रशिक्षण कार्यक्रम रखा गया है। जबकि 11 अप्रैल को ईद मनाई जाएगी।
विभाग के इस निर्णय से भी शिक्षकों में आक्रोश देखा जा रहा है। हालाँकि इसका विरोध सोशल मीडिया पर ही किया जा रहा है। छह दिवसीय इस प्रशिक्षण में कक्षा एक से पांच तक के शिक्षक शामिल होंगे। इन शिक्षकों को सात अप्रैल की शाम तक ट्रेनिंग सेंटरों में योगदान करने का आदेश दिया गया है। प्रशिक्षण के लिए 8 अप्रैल को अपराह्न पांच बजे से रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा।