पटना में दोहरा हत्याकांड से स्थानीय लोगों में आक्रोश, गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर की आगजनी

Bihar Crime : राजधानी पटना में आज बेखौफ अपराधियों ने घर में घुसकर पति-पत्नी की हत्या कर दी। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने अशोक राजपथ को जाम कर पुलिस से 24 घंटे के अंदर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। स्थिति को देखते हुए इलाके को पुलिस छावनी में

पटना में दोहरा हत्याकांड से स्थानीय लोगों में आक्रोश, गिरफ्त

Patna : राजधानी पटना के अशोक राजपथ स्थित लाल बाग गली में आज शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। बेखौफ अपराधियों ने घर में घुसकर दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। वहीं घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने न्याय और आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज शाम मुख्य सड़क को जाम कर दिया और बीच सड़क पर टायर जलाकर जमकर आगजनी व नारेबाजी की।


वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन लोगों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा था। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इलाके में पुलिस गश्त की कमी के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी है, जिससे पूरा लाल बाग और अशोक राजपथ इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।


हालांकि इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस के कड़े आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हटने को तैयार हुए है, लेकिन उनका कहना है कि यदि 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे। फिलहाल, एहतियात के तौर पर लाल बाग गली और आसपास के चौक-चौराहों पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है ताकि स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके।


पुलिस प्रशासन का दावा है कि अपराधियों की पहचान के लिए विशेष टीम का गठन कर दिया गया है और जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि कानून अपना काम कर रहा है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


अनिल की रिपोर्ट