कांग्रेस को एक और झटका ! MP के पूर्व सीएम कमलनाथ के बेटे के साथ बीजेपी में शामिल होने के आसार

PATNA: लोकसभा चुनाव में अब कुछ ही समय बचा है। ऐसे में नेताओं का पार्टी बदलने का दौर शुरू हो गया है। बिहार में सीएम नीतीश ने महागठबंधन का साथ छोड़ एनडीए का दामने थाम लिया है। वहीं कांग्रेस नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के कांग्रेस का साथ छोड़ने की अटकलें तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार कमलनाथ ने अपना छिंदवारा का दौरा रद्द कर दिया है। वहीं वह भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। 

वहीं उनके साथ उनके सांसद बेटे नकुलनाथ भी दिल्ली जा रहे हैं। इस दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति में भूचाल आ गया है। दरअसल, बीते कुछ दिनों से मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को लेकर राज्य की सियासत गर्म है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि कमलनाथ कांग्रेस को छोड़कर बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। ये अटकलें मध्यप्रदेश विधानसभा में कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी संगठन में बदलाव के बाद शुरू हुईं। राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले जीतू पटवारी को कमलनाथ की जगह प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके बाद से ही कमनलाथ को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं थी। 

बता दें कि दिल्ली में शनिवार से भाजपा का राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू हो रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत प्रदेश भाजपा के कई बड़े नेता दिल्ली में हैं। वहीं ऐसे में कमलनाथ के द्वारा अपना छिंदवारा दौरा रद्द कर दिल्ली के लिए रवाना होना, कांग्रेस के लिए एक मुश्किल भरा संदेश हो सकता है। 

राजनीतिक सूत्रों का दावा है कि छिंदवाड़ा में कमलनाथ और उनके सांसद बेटे नकुल नाथ ने शुक्रवार को अपने समर्थकों के साथ बैठक की। उनसे भाजपा में जाने को लेकर रायशुमारी की गई। इसके बाद उनके भाजपा में शामिल होने की संभावनाओं को बल मिल गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने जिन नेताओँ से बात की है, उनमें गोविंद राय, विश्वनाथ ओकटे, दीपक सक्सेना और सुनील जायसवाल के साथ-साथ अरुणोदय चौबे और रामू टेकाम एवं अऩ्य नेता शामिल थे।