सतर्क और सावधान हो जाइए ! अचानक देशवासियों को क्यों चेताने लगे राजद सु्प्रीमो लालू प्रसाद यादव, पढिए पूरी खबर

PATNA: लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। चौथे चरण के चुनाव खत्म होने के बाद पांचवे चरण के मतदान के लिए चुनावी प्रचार प्रसार तेज है। 20 मई को पांचवे चरण का मतदान होना है। वहीं लोकसभा चुनाव के बीच पक्ष विपक्ष के द्वारा एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने के दौर भी जारी है। एनडीए महागठबंधन के नेता आमने-सामने हैं। एक ओर जहां विपक्ष की ओर से सत्ता पक्ष पर संविधान, आरक्षण और लोकतंत्र को खत्म करने का आरोप लगाया जा रहा है तो वहीं सत्ता पक्ष का कहना है कि जब तक पीएम मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं तब तक संविधान, आरक्षण और लोकतंत्र को कोई खतरा नहीं है। 

गुलाम मात्र रह जाएगी देश की जनता

इसी कड़ी में राजद सुप्रीमो लालू यादव ने देश की जनता को चेताया है। लालू यादव ने अपने सोशल मीडिया के द्वारा पीएम मोदी पर बड़ा हमला बोला है। साथ ही उन्होंने देशवासियों को भी संदेश दिया है। लालू यादव ने एक्स पर लिखा है कि, "प्यारे देशवासियों,  सतर्क और सावधान हो जाइए! भाजपा आपका आरक्षण, देश का लोकतंत्र और संविधान खत्म करने पर तुल गया है। देश का संविधान नहीं रहेगा तो देश में लोकतंत्र भी नहीं रहेगा। आप देश के समान रूप से नागरिक भी नहीं रहेंगे। आप ऐसे नागरिक नहीं रहेंगे जिनके पास अधिकार होंगे, संवैधानिक सुरक्षा और उपचार के उपाय हों। आप चंद लोगों के गुलाम मात्र रह जाएंगे। 

भाजपा के नेता संविधान को खत्म करना चाहते हैं

लालू यादव ने कहा कि, संविधान है तो आरक्षण है और आरक्षण है तो गैर बराबरी, उत्पीड़न एवं अत्याचार से सुरक्षा है। समानता का भाव है, उपचार है। भाजपाई चाल चरित्र से समता विरोधी हैं। ये लोग संविधान व आरक्षण खत्म कर समाज में गैर बराबरी बढ़ा लोगों को पुनः मानसिक गुलाम बनाना चाहते हैं। बार-बार भाजपा के नेता स्पष्ट रूप से कह रहे हैं कि वे लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं, नया संविधान बनाना चाहते हैं, आरक्षण को खत्म करना चाहते हैं लेकिन आरक्षण और संविधान विरोधी बयानबाजी पर प्रधानमंत्री मोदी और उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किसी भी नेता और प्रत्याशी पर कभी भी कोई भी कार्रवाई नहीं की है।

आज नहीं लड़े लड़ाई तो..

उन्होंने आगे कहा कि, स्पष्ट दिखता है उन्हें जानबूझकर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से हरी झंडी मिली हुई है। अपने ऐसे बयानों से भाजपाई लोग आरक्षण और संविधान के प्रति आपकी गंभीरता, सजगता और प्रतिबद्धता को जाँचते हैं।  अगर आज आप संविधान, आरक्षण और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई में अपना योगदान नहीं करेंगे तो आप और आपकी आने वाली पीढ़ियाँ उसी प्रताड़ना और उपेक्षा के दुष्चक्र को जियेंगीं जिसे कभी आपके पूर्वजों ने जिया था। आपके उलाहना, उत्पीड़न और अभाव के पुराने दिन वापस आएंगे और हाथ मलने के अलावा आपके पास कोई उपाय नहीं रह जाएगा। इसलिए लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें और संविधान व आरक्षण विरोधी बीजेपी को कड़ा सबक़ सिखाएं।