देश में महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी और अपराध में सबसे पहले आगे बिहार .... तेजस्वी ने डेटा दिखाकर खोली पोल, सीएम नीतीश- डबल इंजन सरकार का दिखाया खेल

पटना. बिहार भले ही देश का सबसे गरीब राज्य हो लेकिन महंगाई के मामले में पड़ोसी झारखंड और यूपी से कहीं आगे हैं. इतना ही नहीं चाहे अपराध हो या बेरोजगारी सबमे बिहार देश में टॉप पर है. वहीं सत्तत विकास सूचकांक में सबसे नीचे बिहार है. और यही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासन की हकीकत है. साथ ही डबल इंजन यानी केंद्र की मोदी और बिहार की भाजपा सरकार के विकास की सच्चाई है. बिहार की एनडीए सरकार पर यह हमला राजद नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है जिसमें पूरा विवरण देते हुए बताया है कि कैसे बिहार लगातार विकास के हर पैमाने पर पिछड़ा हुआ है. 

तेजस्वी ने पोस्ट के माध्यम से बताया कि 'महंगाई के मामले में देश भर में बिहार सबसे टॉप पर हैं। देश में सबसे अधिक गरीबी- बिहार में. देश में सबसे अधिक बेरोजगारी- बिहार में, देश में सबसे ज्यादा अपराध- बिहार में. वहीं नीति आयोग के सत्तत विकास सूचकांक में सबसे नीचे- बिहार. आमदनी में देश भर में सबसे कम- बिहार. ग़रीबी उन्मूलन में सबसे नीचे- बिहार. शून्य भुखमरी में सबसे नीचे-  बिहार. गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और लैंगिक समानता में सबसे पीछे- बिहार. आखिर इसके जिम्मेदार कौन है?'

तेजस्वी ने सीएम नीतीश और पीएम मोदी को निशाने पर लेते हुए लिखा, 𝟏𝟓 वर्षों से अधिक बिहार में 𝐁𝐉𝐏-𝐍𝐃𝐀 की सरकार है। 𝟏𝟎 वर्षों से केंद्र में इनकी डबल इंजन सरकार है। हमारे बीच के 𝟏𝟕 महीनों के सेवाकाल में ही नौकरी-रोजगार, शिक्षा-स्वास्थ्य आदि क्षेत्रों में रिकॉर्डतोड़ नियुक्तियां एवं अप्रत्याशित विकास कार्य हुए। लगभग दो दशक बाद भी आख़िर और कब तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व बीजेपी दूसरों के ऊपर दोष मढ अपनी जिम्मेदारी से भागते रहेंगे?  

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने सत्तारूढ़ एनडीए सरकार से सवाल किया कि आखिर देश में सबसे अधिक बिहार में व्याप्त इस रिकॉर्डतोड़ महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी, पलायन, अपराध के जिम्मेदार कौन है? आख़िर कब तक नीतीश कुमार अपनी सत्तालोलुप्ता, स्वार्थपूर्ति व अनैतिक असैद्धांतिक पलटा-पलटी का शिकार बिहार को बनाते रहेंगे? 

रंजन की रिपोर्ट