बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ ने स्कूलों की टाइमिंग बदलने के लिए सीएम नीतीश का जताया आभार, विशिष्ट शिक्षक नियमावली की विसंगतियों को दूर करने का किया आग्रह
PATNA : बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह एवं महासचिव और पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा है कि बिहार विधानसभा में विद्यालयों की समय - सारणी 10 बजे से 04 बजे तक संचालित करने की घोषणा करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ ने हृदय से धन्यवाद किया है।
बिहार विधान सभा के सदस्यों के प्रति भी बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ ने शुक्रिया अदा की है। साथ ही उनसे मुख्य समस्या भारी संख्या में शिक्षकों के ‘स्थानान्तरण’ रोकवाने की दिशा में सतत् प्रयास जारी रखने का अनुरोध किया है।
शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने कहा है कि आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार विधान परिषद् के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर के नेतृत्व में तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद् सदस्य प्रो. संजय कुमार सिंह एवं कोशी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद् सदस्य डॉ. संजीव कुमार सिंह के साथ सभी राजनीतिक दलों के विधान परिषद् सदस्यों द्वारा बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ की माँगों के समर्थन में एक ज्ञापन सौंपा गया है।
शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने यह भी कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सदस्यों को यह आश्वासन दिया है कि शिक्षकों के सामूहिक तबादले को रोकवाने की कार्रवाई अतिशीघ्र की जायेगी। उसके साथ ही सेवा शर्तों की अन्य विसंगतियों पर भी विचार - विमर्श कर निर्णय लेने का भरोसा जताया है। उन्होंने बताया है कि इसके पूर्व बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री द्वय तथा बिहार विधान परिषद् के सभापति से विशिष्ट शिक्षक नियमावली की विसंगतियों को दूर करने का अनुरोध किया है। तत्काल लिखित परीक्षा (ऑफलाईन) के लिए निर्धारित तिथि को स्थगित कर आगे की तिथि निर्धारित करने का अनुरोध किया है। सभापति एवं बिहार विधान परिषद् के सदस्यों के लिए भी आभार व्यक्त किया है।