बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर चुनाव आयोग की टीम, लोकसभा चुनाव की तैयारियों का ले रही है जायजा, मुख्य सचिव, डीजीपी के साथ होगी मीटिंग

पटना: लोकसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए चुनाव आयोग की 11 सदस्यीय टीम देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में बिहार दौरे पर है. तीन दिनों के दौरे के अंतिम  दिन आज यानी बुधवार को चुनाव आयोग की टीम  मुख्य सचिव, डीजीपी और विभिन्न जांच एजेंसीयों के साथ चुनाव को लेकर समीक्षा बैठक करेगी. चुनाव आयोग के टीम की बैठक सुबह 10:00 बजे से शुरू हो चुकी है. शाम को तीन बजे के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार चुनाव संबंधी तैयारीयों के संबंध में मीडिया को संबोधित  करेंगे.

चुनाव आयोग की 11 सदस्यीय टीम ने मंगलवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की .  राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने  चुनाव आयोग को चुनाव से संबंधित अपने सुझाव दिए . राजनीतिक दलों ने अपनी शंकाओं को भी आयोग के सामने रखा. सभी प्रमण्डलीय आयुक्त, क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, क्षेत्रीय पुलिस उप महानिरीक्षक और अन्य के साथ लोकसभा आम निर्वाचन 2024 की तैयारियों के संबंध में चुनाव आयोग ने समीक्षात्मक बैठक की.

जदयू ने बिहार में सात फेज में लोकसभा चुनाव कराने की बजाय तीन फेज में संपन्न कराने की मांग की है. तो राजद ने ईवीएम से वोटिंग होने पर निकलने वाले उसके साथ पर्ची के गिनती कराने और ईवीएम वोटिंग से मिलान कराने की मांग की है. 

चुनाव आयोग की उच्चस्तरीय टीम लोकसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा विभिन्न राज्यों में जाकर ले रही है. बिहार दौरे के पूर्व भी दक्षिण के कई राज्यों का दौरा चुनाव आयोग की टीम कर चुकी है. राज्यों में लोकसभा चुनाव की तैयारियों से संतुष्ट होने के बाद आयोग दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लोकसभा चुनाव की विस्तृत घोषणा करेगा.