बिहार के पूर्व विधायक महेंद्र झा आजाद का निधन, 98 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

DARBHANGA : दरभंगा के घनश्यामपुर और बेनीपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक महेन्द्र झा आजादका निधन हो गया। लंबे समय से बीमार चल रहे महेन्द्र झा आजादने प्राण त्याग दिए. 98 साल की उम्र में गुरुवार की देर रात पैतृक गांव महिनाम में उन्होंने आखिरी सांस ली। महेन्द्र बाबू पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र के काफी करीबी माने जाते रहे थे। उनके निधन से पूरे दरभंगा जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।
उन्होंने 1980 से 85 तक घनश्यामपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद 1985 से 90 और 1990 से 95 तक बेनीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे। वे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र के काफी करीबी माने जाते रहे थे। इसके अलावा महेन्द्र बाबू 1975 से लेकर 85 तक लगातार तीन बार जिला परिषद के अध्यक्ष भी रहे। वे कई बार महिनाम पंचायत के मुखिया भी रहे।
सांसद ने शोक किया व्यक्त
सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने पूर्व विधायक के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि महेन्द्र बाबू के व्यक्तित्व और कृतित्व को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता। वहीं, बेनीपुर के विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने कहा कि महेन्द्र बाबू हमारे अभिभावक के रूप में थे। उनके निधन से उन्हें व्यक्तिगत क्षति पहुंची है।
उनके निधन पर अलीनगर के विधायक मिश्रीलाल यादव, दरभंगा के नगर विधायक संजय सरावगी, विधान पार्षद सुनील चौधरी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है।