गांधी मैदान से पटना साहिब स्टेशन के लिए आज से सरकारी बसों का होगा परिचालन
PATNA : पटना के गांधी मैदान से पटना सिटी जाने वाले लोगों को अब कोई असुविधा नहीं होगी। आज से उन्हें सरकारी बस सेवा मिलने जा रही है।
आज दिन के 12.30 बजे पटना साहिब रेलवे स्टेशन परिसर से परिवहन मंत्री संतोष कुमार निराला और पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत करेंगे। इस दौरान दानापुर रेलमंडल के डीआरएम रंजन प्रकाश ठाकुर उपस्थित रहेंगे।
परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि करगिल चौक से पटना साहिब स्टेशन तक पुराना बाइपास होकर चलने वाली सरकारी बसों का नंबर 555 होगा। 17 जगहों पर बसों का ठहराव होगा। उन्होंने कहा कि यह चौथा मार्ग है, जिस पर सरकारी बसों का परिचालन हो रहा है। इससे पहले करगिल चौक से दानापुर बाजार व दानापुर स्टेशन, एम्स और एनआईटी मोड़ के लिए परिचालन शुरू हो चुका है।
उन्होंने कहा कि इन बसों से रोजाना लगभग 25 हजार लोग सफर कर रहे हैं। यात्रियों का फीडबैक लेने के लिए सभी बसों में वाट्सएप नंबर 7004214848 का स्टीकर लगाया जा रहा है। यात्रियों के सुझाव पर सुविधा बढ़ाने का निर्णय लिया जाएगा।