खौफ में स्वास्थ्य मंत्री! हंगामे के डर से मंगल पांडेय ने रद्द किया कार्यक्रम, सीटी स्कैन सेंटर का करना था उद्घाटन

PATNA: छपरा सदर अस्पताल में शनिवार को SNCU से नवजात गायब हो गया। नवजात के गायब होने पर दंपती का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के हंगामे के बाद सिविल सर्जन मौके पर पहुंचे, लेकिन बच्चे का कुछ अता पता नहीं चल पाया है। SNCU का CCTV खराब पड़ा हुआ है। दो-दो थानों की पुलिस के अलावा DM-SP भी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की लेकिन कहीं कोई पता नहीं चल सका। बच्चा गायब होने के बाद आज रविवार को स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय का सदर अस्पताल में कार्यक्रम होना था। लेकिन भय से कार्यक्रम को अंत समय में रद्द कर दिया गया।
मंगल पांडेय ने कार्यक्रम रद्द
दरअसल,स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय का आज छपरा सदर अस्पताल में कार्यक्रम था। स्वास्थ्य मंत्री को अस्पताल कैंपस में सीटी स्कैन सेंटर का उद्घाटन करना था। मंत्री के कार्यक्रम को लेकर पूरी तैयारी की गई थी। अस्पताल को चकाचक किया गया था। जहां उद्घाटन होना था वहां फूल-माला से सजाया गया था। स्टेज भी बनाया गया था,जहां से उन्हें अपनी उपलब्धि का बखान करना था। लेकिन ऐन वक्त पर सारी तैयारी धरी की धरी रह गई .दरअसल उस जगह पर पीडित परिवार जिसका बच्चा अस्पताल से चोरी हो गया वो अपने पूरे सगे संबंधियों के साथ धरने पर बैठ गया। पहले तो अस्पताल प्रशासन ने हटाने की कोशिश की लेकिन बात बनने की जगह बिगड़ती गई। जब प्रशासनिक अधिकारियों ने मंत्री जी को इस बारे में बताया तो उन्होंने खौफ से ऐन वक्त पर अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया। इस तरह से सारी तैयारी पर एक झटके में पानी फिर गया।
बता दें, शुक्रवार को खैरा थाना क्षेत्र के धूप नगर गांव निवासी सुशील कुमार साह अपनी पत्नी रजंती देवी को सदर अस्पताल में भर्ती कराए थे। उनकी पत्नी ने एक शिशु को जन्म दी थी। सिविल सर्जन डॉ माधवेश्वर झा ने बताया कि SNCU से नवजात की चोरी की गई है। इस विषय में छानबीन की जा रही है। CCTV खराब होने की बात पर उन्होंने बताया कि SNCU वार्ड का CCTV विगत शुक्रवार को शार्ट सर्किट से खराब हो गया था, जिसके कारण बच्चा चोरी करने वाली महिला की तस्वीर कैद नहीं हो सकी है।