नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण पत्र तैयार, ऐतिहासिक आयोजन में इन लोगों को खास आमंत्रण

PATNA: नरेंद्र मोदी कल यानी रविवार को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद का शपथ लेंगे। पीएम मोदी 9 जून को शाम 7.15 मिनट पर राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। साथ ही केंद्रीय मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्य भी पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। वहीं नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण तैयार हो गया है। इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए खास लोगों को आमंत्रण भी दिया गया है। 

 

राष्ट्रपति ने सरकार बनाने के लिए किया आमंत्रित

दरअसल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को मोदी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। मुर्मू ने मोदी को प्रधानमंत्री पद के लिए मनोनीत किया। लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाली NDA ने 293 सीट पर जीत दर्ज की। जबकि बीजेपी ने अकेले 240 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में बांग्लादेश, श्रीलंका, मालदीव, भूटान, नेपाल, मॉरीशस और सेशेल्स के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

7 देशों के नेता होंगे शामिल

शपथ ग्रहण समारोह के लिए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा के लिए अर्धसैनिक बलों की पांच कंपनी, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) कमांडो, ड्रोन और ‘स्नाइपर’ को तैनात किया गया है। विदेशी मेहमान राजधानी के लीला, ताज, आईटीसी मौर्या, क्लेरिजस और ओबेरॉय होटल में रुकेंगे। इसके चलते होटलों को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। 

राष्ट्रपति भवन में होगा शपथ ग्रहण कार्यक्रम 

समारोह के दिन दिल्ली पुलिस के स्वाट और एनएसजी के कमांडो राष्ट्रपति भवन एवं विभिन्न अहम स्थानों के आसपास तैनात रहेंगे। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने समारोह के मद्देनजर सुरक्षा योजना बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय और नई दिल्ली जिले में कई बैठकें की। शपथ ग्रहण राष्ट्रपति भवन के अंदर होना है, इसलिए परिसर के अंदर और बाहर तीन-स्तरीय सुरक्षा होगी।‘बाहरी घेरे’ पर दिल्ली पुलिस के जवान तैनात रहेंगे, उसके बाद अर्धसैनिक बल के जवान और ‘भीतरी घेरे’ में राष्ट्रपति भवन की आंतरिक सुरक्षा के जवान तैनात रहेंगे। 

ये विदेशी नेता होंगे शामिल

श्रीलंका के राष्ट्रपति- रानिल विक्रमसिंघे

मालदीव के राष्ट्रपति- डॉ मोहम्मद मुइज्जू

सेशेल्स के उपराष्ट्रपति- अहमद अफीक

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री- शेख हसीना

मॉरीशस के प्रधानमंत्री- प्रविंद कुमार जुगनुथ

नेपाल के प्रधानमंत्री- पुष्प कमल दहल 'प्रचंड'

भूटान के प्रधानमंत्री- शेरिंग टोबगे