कुवैत में रिहायसी बिल्डिंग में लगी भीषण आग, मरने वालों की संख्या 41 हुई, कई हताहतों के भारतीय होने की आशंका

DESK. आग लगने की एक दिल ढलने वाली घटना में  41 लोगों के मारे जाने की आशंका है.  खाड़ी देश से प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार, कुवैत में श्रमिकों के आवास वाली एक इमारत में बुधवार को लगी भीषण आग में 41 लोगों के मारे जाने की आशंका है। इनमें अधिकांश के भारतीय होने की  खबर है. मृतकों की कुल संख्या और उनके मूल स्थान के बारे में पूरी जानकारी स्थानीय प्रशासन लेने में लगा है. 

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार तड़के कुवैत के दक्षिणी अहमदी प्रांत के मंगाफ इलाके में छह मंजिला इमारत की रसोई में आग लग गई। बताया जा रहा है कि इमारत में करीब 160 लोग रहते थे, जो एक ही कंपनी के कर्मचारी हैं। बताया जा रहा है कि वहां रहने वाले कई कर्मचारी भारतीय थे।कुवैत की कुल जनसंख्या में भारतीय 21 प्रतिशत (10 लाख) तथा कार्यबल में 30 प्रतिशत (लगभग 9 लाख) हैं। 

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "कुवैत सिटी में आग लगने की घटना की खबर से गहरा सदमा लगा है। खबर है कि 40 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई है और 50 से ज़्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं। हमारे राजदूत कैंप में गए हैं। हम आगे की जानकारी का इंतज़ार कर रहे हैं।" उन्होंने कहा, "दुखद रूप से अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना। घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। हमारा दूतावास इस संबंध में सभी संबंधित पक्षों को पूरी सहायता प्रदान करेगा।"