नीतीश कुमार चुने गए NDA विधायक दल के नेता, शाम पांच बजे लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, जेपी नड्डा आ रहे हैं पटना
पटना. नीतीश कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया और महागठबंधन सरकार खत्म होने की घोषणा की. इसके कुछ समय बाद ही उन्हें एनडीए विधायक दल का नेता चुन लिया गया. दोहपर करीब पौने एक बजे नीतीश कुमार सियासत की नई डगर पर चलने के लिए राजभवन रवाना हो गए. वे राज्यपाल राजेद्र विश्वनाथ अरलेकर को एनडीए विधायकों के समर्थन का पत्र सौपेंगे. वहीं नीतीश कुमार का मुख्यमंत्री के रूप में शपथ भी रविवार शाम ही जो जाएगा.
नीतीश कुमार को राजभवन में करीब शाम 5 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी. उनके साथ भाजपा के सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी. बिहार में बन रही एनडीए की नई सरकार को लेकर भाजपा भी काफी उत्साहित नजर आ रही है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार शाम सवा चार बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से राजभवन जाएंगे. शाम 4.40 बजे से 6.30 बजे तक उनका राजभवन में रहने का कार्यक्रम है. वहीं शपथ ग्रहण समारोह के बाद जेपी नड्डा बिहार भाजपा दफ्तर जाएंगे और रात करीब 9 बजे वापस दिल्ली के विशेष विमान से उडान भरेंगे.
बिहार में एनडीए की नई सरकार बनाने को लेकर भाजपा और जदयू ने आपस में रजामंदी तय कर ली है. नई सरकार में नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री रहेंगे. वहीं उप मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के नाम पर पार्टी ने सहमति जताई है. इसके पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को अपना इस्तीफा देने के बाद राजद और विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि हमने पिछली बार जिन लोगों के साथ सरकार बनाई उनमें काम के क्रेडिट लेने की होड़ थी. हमने अपनी पार्टी की राय मानकर इस्तीफा दिया है.