पश्चिम चंपारण को मिली दो बड़ी सौगात, अयोध्या-जनकपुर ट्रेन शुरू, 26 नवंबर को बेतिया आएंगे सीएम
पहली, अयोध्या से जनकपुर तक सरयू कमला एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हो गया है। इसे लेकर बेतिया सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया है....
Bettiah : पश्चिम चंपारण के लिए दो बड़ी खुशखबरियां सामने आई हैं। पहली, अयोध्या से जनकपुर तक सरयू कमला एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हो गया है। दूसरी, 26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बेतिया पहुंचेंगे और यहां पदयात्रा करेंगे। इन दोनों महत्वपूर्ण मुद्दों की जानकारी लोकसभा सचेतक सह सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने बेतिया स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में दी।
सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने अयोध्या से जनकपुर तक सरयू कमला एक्सप्रेस का परिचालन शुरू होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन अयोध्या से खुलकर जनकपुर तक जाएगी। इससे भारत और नेपाल के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने इसे नेपाल के लोगों के लिए भी बड़ी खुशखबरी बताया।
सांसद ने 26 नवंबर को मनाए जाने वाले संविधान दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को स्वीकार किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद संविधान दिवस को आधिकारिक रूप से मनाने की पहल की। उन्होंने संविधान निर्माण में योगदान देने वाले सभी सदस्यों और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के प्रति आभार व्यक्त किया।
डॉ. संजय जायसवाल ने बताया कि 26 नवंबर को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बेतिया पहुंचेंगे। इस दौरान वे संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ और अराजकता हटाओ अभियान के तहत चंपारण में पदयात्रा करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि देश लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान के अनुसार चलता है। प्रत्येक नागरिक को अपनी पसंद का विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री चुनने का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग नक्सली सोच के साथ कानून-व्यवस्था को प्रभावित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान सर्वोपरि हैं तथा शासन जनता के हितों के अनुरूप ही चलना चाहिए।
आशीष की रिपोर्ट