अनंत सिंह के बचाव में उतरे रघुवंश सिंह, बोले- सरकार प्रतिशोध की भावना से काम कर रही

MUZAFFARPUR:  आरजेडी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने एक बार फिर मोकामा के विधायक अनंत सिंह का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह को नीतीश सरकार फंसा रही है। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह के घर से AK-47 मिला तो सरकार उनपर देश द्रोह का केस कर दिया, जबकि मुज़फ़्फ़रपुर के तत्कालीन एसपी के आवास से कार्बाइन मिला था तो सरकार ने एसपी को बरी कर दिया।

रघुवंश सिंह ने कहा कि अनंत सिंह जबतक नीतीश कुमार के सरकार में थे, तबतक वो ठीक थे। वही अब पार्टी के खिलाफ हो गए तो अनंत सिंह गलत हो गए। कोई इसको सही नहीं मानेगा। उन्होंने कहा कि जो नेता सरकार के खिलाफ हो रहे है, उनपर कार्रवाई हो रही है। रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार पी.चिदंबरम को परेशान कर रही है। 

उन्होंने कहा कि जहां विरोध का स्वर उठता है तो उसके पीछे नरेंद्र मोदी अपना इडी, आईटी व सभी अधिकारियों को लगा देते हैं। रघुवंश सिंह ने कहा कि केंद्र हो या राज्य सरकार सच सुनना नहीं चाह रही हैं। जैसे ही कोई इनके खिलाफ बोल रहा है, उसके खिलाफ अगले ही दिन से छापेमारी शुरू हो जा रही है। लोकतंत्र के लिए यह शुभ संकेत नहीं है। 

मुजफ्फरपुर से मनोज की रिपोर्ट