बिहार में नहीं थम रहा नौकरियों का "क्रेडिट वार", फिर बोले तेजस्वी- कहा हमने कराई सीएम नीतीश से 10-10 लाख नौकरी और रोजगार की घोषणा

PATNA : बिहार में नीतीश कुमार महागठबंधन का साथ छोड़कर एनडीए के साथ सरकार बना लिया है। जिसके बाद अब विपक्ष की ओर से लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमले किये जा रहे हैं। ख़ासकर बिहार में युवाओं को नौकरी देने का क्रेडिट तेजस्वी यादव ले रहे हैं। 

एक बार फिर सीएम नीतीश पर हमला करते हुए तेजस्वी ने कहा की 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में 𝟏𝟎 लाख सरकारी नौकरियां देने के मेरे संकल्प पर मुख्यमंत्री कहते थे कि 𝟏𝟎 लाख नौकरी देना एकदम असंभव है।

मुख्यमंत्री कहते थे की “यह गुमराह करने वाली बात है। कहाँ से देगा? कुछ पता है उसको? पैसा क्या आसमान से आएगा? पैसा क्या जेल से आएगा? इसे कुछ सेंस है? पैसा क्या ऊपर से आएगा? राज्य में तो पैसा नहीं है।‘

वही तेजस्वी ने कहा की 9 अगस्त 2022 को मैंने उपमुख्यमंत्री बनते ही (𝐂𝐌 नहीं) 15 अगस्त 2022, को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना के गांधी मैदान से इन्हीं CM से 𝟏𝟎 लाख नौकरी और 𝟏𝟎 लाख रोजगार की घोषणा करवाई। वहाँ इन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के लोग साथ आए है तो ये आपको नौकरी देंगे। 17 महीनों में 𝐃𝐞𝐩𝐮𝐭𝐲 𝐂𝐌 के तौर पर ही सही, लेकिन हमने 𝟒 लाख से अधिक नौकरियां दी और 𝟑 लाख नौकरियां अंतिम चरण तक प्रक्रियाधीन करवा दी है जो इस वर्ष युवाओं को अवश्य ही मिल जायेंगी।