Bihar News : बगहा में 'लेडी सिंघम' का बड़ा एक्शन, अवैध लॉटरी सिंडिकेट का किया भंडाफोड़, तीन शातिर बदमाशों को किया गिरफ्तार

Bihar News : बगहा पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में अवैध लॉटरी टिकट और नकदी बरामद की है। इससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : बगहा में 'लेडी सिंघम' का बड़ा एक्शन, अवैध लॉटरी
अवैध लॉटरी सिंडिकेट का भंडाफोड़- फोटो : DHIRAJ

BAGAHA : रामनगर में लॉटरी के अवैध कारोबार को लेकर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसडीपीओ रागिनी कुमारी के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने एक साथ तीन अलग-अलग दुकानों पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। इस कार्रवाई से इलाके के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

भारी मात्रा में अवैध लॉटरी और नकदी बरामद

इस सघन छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध लॉटरी टिकट और मोटी रकम (नकदी) बरामद की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धंधे में संलिप्त तीन मुख्य कारोबारियों को रंगे हाथ दबोच लिया। यह पूरा खेल जुए की तर्ज पर बड़े पैमाने पर संचालित किया जा रहा था।

गुप्त सूचना पर हुआ पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़

पुलिस को इस अवैध नेटवर्क के बारे में सटीक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर की गई इस गहन छापेमारी से शहर में चल रहे अवैध लॉटरी के एक बड़े सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। यह कारोबार पिछले कुछ समय से गुपचुप तरीके से तेजी से फल-फूल रहा था।

बालू खनन के बाद अब अवैध लॉटरी पर पुलिस की सख्ती

एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि अवैध बालू खनन पर प्रभावी रोक लगाने के बाद, अब पुलिस का पूरा ध्यान लॉटरी जैसे अवैध कारोबारों को नेस्तनाबूद करने पर है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि क्षेत्र में किसी भी सूरत में अवैध धंधों को पनपने नहीं दिया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

जनता ने कहा 'लेडी सिंघम का एक्शन'

एसडीपीओ रागिनी कुमारी की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई की स्थानीय लोग जमकर सराहना कर रहे हैं और इसे "लेडी सिंघम का एक्शन" बता रहे हैं। फिलहाल, पुलिस पकड़े गए तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य सफेदपोशों और मुख्य सरगनाओं का पता लगाया जा सके।

धीरज पराशर की रिपोर्ट