ICC Cricket Tournament: भारत में फिर सजेगा ICC टूर्नामेंट का मंच, 2029 चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 वर्ल्ड कप की मेजबानी
ICC Cricket Tournament: ICC ने 2035 तक के पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंटों का कैलेंडर जारी किया। भारत को 2029 चैंपियंस ट्रॉफी और बांग्लादेश के साथ 2031 वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी मिली है।
ICC Cricket Tournament: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने रविवार को साल 2035 तक होने वाले पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंटों के आयोजन की तारीखों को मंजूरी दे दी। इसके साथ ही ICC ने 2031 तक होने वाले पुरुष टूर्नामेंटों के मेजबान देशों का भी एलान किया। भारत को दो बड़े टूर्नामेंटों की मेजबानी मिली है। भारत 2029 चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन अकेले करेगा, जबकि 2031 वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी बांग्लादेश के साथ मिलकर करेगा।
2029 चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा भारत
भारत में 9 से 28 अक्टूबर 2029 तक चैंपियंस ट्रॉफी खेली जाएगी। इस टूर्नामेंट की मेजबानी भारत अकेले करेगा। वहीं, 2031 में होने वाला वनडे वर्ल्ड कप भारत और बांग्लादेश में आयोजित होगा। यह टूर्नामेंट 9 अक्टूबर से 23 नवंबर 2031 तक खेला जाएगा। ICC ने 2031 के बाद होने वाले कुछ टूर्नामेंटों की तारीखें तो जारी कर दी हैं, लेकिन उनके मेजबान देशों के नाम अभी नहीं बताए हैं। 2035 में होने वाला वनडे वर्ल्ड कप अक्टूबर-नवंबर के दौरान खेला जाएगा। हालांकि, इसकी मेजबानी किस देश को मिलेगी, इसका फैसला अभी नहीं हुआ है।
2028 और 2030 में होगा टी20 वर्ल्ड कप
2028 का टी20 वर्ल्ड कप 12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में खेला जाएगा। इसके बाद 2030 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की संयुक्त मेजबानी इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और आयरलैंड करेंगे। वहीं, 2032 और 2034 में भी टी20 वर्ल्ड कप आयोजित किए जाएंगे। हालांकि, इन दोनों टूर्नामेंटों के मेजबान देशों और आयोजन स्थलों की घोषणा अभी नहीं की गई है।
2035 तक हर दो साल में होगा WTC फाइनल
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल 2035 तक हर दो साल में जून महीने में खेला जाएगा। इंग्लैंड को 2029 और 2031 के फाइनल की मेजबानी मिली है। वहीं, 2033 और 2035 के फाइनल कहां होंगे, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है।
ICC CEO ने बताया लंबे समय पहले कार्यक्रम जारी करने का फायदा
ICC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा कि ICC टूर्नामेंटों का कार्यक्रम क्रिकेट के वैश्विक ढांचे का अहम हिस्सा है। इससे खेल में मुकाबले का स्तर बढ़ेगा और क्रिकेट जगत को एक बेहतर दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और सदस्य देशों को टूर्नामेंटों की जानकारी पहले से देना जरूरी है। इससे खिलाड़ियों के विकास, बेहतर प्रदर्शन की तैयारी और क्रिकेट कैलेंडर को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।