टी20 वर्ल्ड कप में बड़ा उलटफेर: जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 24 रनों से रौंदा; मुजारबानी और इवांस के चक्रव्यूह में फंसे कंगारू

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 19वें मैच में जिम्बाब्वे ने बड़ा उलटफेर करते हुए खिताब की दावेदार ऑस्ट्रेलिया को 24 रनों से शिकस्त दी। 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम जिम्बाब्वे की घातक गेंदबाजी के सामने महज 146 रनों पर सिमट गई।

N4N Desk -: कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 19वें मैच में जिम्बाब्वे ने बड़ा उलटफेर करते हुए खिताब की दावेदार ऑस्ट्रेलिया को 24 रनों से शिकस्त दी। 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम जिम्बाब्वे की घातक गेंदबाजी के सामने महज 146 रनों पर सिमट गई। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही ग्रुप बी का सुपर-8 समीकरण बेहद दिलचस्प हो गया है। 

कंगारूओं का टॉप ऑर्डर ध्वस्त, शून्य पर लौटे दिग्गज

ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही और ओपनिंग जोड़ी पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई। जोश इंग्लिस (8) और ट्रैविस हेड (17) टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने में नाकाम रहे। मध्यक्रम में कैमरून ग्रीन और टिम डेविड तो खाता भी नहीं खोल सके। महज 29 रनों के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया ने अपने 4 महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए थे, जिससे टीम बैकफुट पर आ गई। 

मुजारबानी और इवांस की घातक गेंदबाजी

जिम्बाब्वे की इस जीत के असली नायक तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी और ब्रैड इवांस रहे। मुजारबानी ने अपने 4 ओवर के स्पेल में केवल 17 रन देकर 4 बड़े विकेट झटके, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। वहीं, ब्रैड इवांस ने 3.3 ओवर में 23 रन देकर 3 शिकार किए, जिसमें खतरनाक ट्रैविस हेड का बोल्ड और कैमरून ग्रीन का बड़ा विकेट शामिल था। 

मैट रेशों का संघर्ष और मुनयोंगा का जादुई कैच

शुरुआती झटकों के बाद ग्लेन मैक्सवेल (31) और मैट रेशों के बीच पांचवें विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी हुई। रेशों ने 44 गेंदों में 65 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके। मैच का सबसे चर्चित पल टोनी मुनयोंगा का कैच रहा, जिन्होंने बाउंड्री पर डाइव लगाकर बेन द्वाराहुसि का अद्भुत कैच लपका, जिसे टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ कैच माना जा रहा है। 

जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने खड़ा किया मजबूत स्कोर

इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने निर्धारित 20 ओवरों में 2 विकेट खोकर 169 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। ओपनर ब्रायन बेनेट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 64 रनों की नाबाद पारी खेली। उनका साथ मरुमनि (35) और रयान बर्ल (35) ने बखूबी निभाया। अंत में कप्तान सिकंदर रजा ने 13 गेंदों में ताबड़तोड़ नाबाद 25 रन बनाकर स्कोर को 169 तक पहुँचाया। 

सुपर-8 की रेस हुई रोमांचक

ऑस्ट्रेलिया जैसी दिग्गज टीम की इस हार ने ग्रुप बी के सुपर-8 के सिनेरियो को पूरी तरह बदल दिया है। जिम्बाब्वे की इस जीत ने अब अन्य छोटी टीमों की उम्मीदें जगा दी हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के लिए आगे की राह अब कांटों भरी हो गई है। जिम्बाब्वे के अनुशासित क्षेत्ररक्षण और सटीक गेंदबाजी ने साबित कर दिया कि खेल के इस प्रारूप में किसी भी टीम को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है।