Under 19 Asia Cup 2026: 2 हजार पाकिस्तानी...' आर्यवीर सहवाग ने पिता वीरेंद्र सहवाग को सुनाया फाइनल का रोमांचक किस्सा

Under 19 Asia Cup 2026: अंडर-19 एशिया कप 2026 में 361 रन बनाने वाले आर्यवीर सहवाग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने। पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल जीत के बाद उन्होंने पिता वीरेंद्र सहवाग को मैच का रोमांचक किस्सा सुनाया।

Under 19 Asia Cup 2026: अंडर-19 एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले आर्यवीर सहवाग को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने पांच पारियों में 361 रन बनाए, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में भारत की जीत के बाद आर्यवीर ने अपने पिता और पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग से वीडियो कॉल पर बात की। इस दौरान उन्होंने मैच के आखिरी पलों का रोमांचक किस्सा सुनाया।


आखिरी ओवर में भारत की जीत ने बढ़ाई धड़कनें


फाइनल मुकाबले में भारत के सामने 338 रनों का बड़ा लक्ष्य था। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम एक समय मुश्किल में फंस गई थी। ऐसा लग रहा था कि टीम के हाथ से मैच निकल सकता है। तभी मनल चौहान ने 47 और मोहित उलवा ने 49 रनों की अहम पारी खेलकर भारत की वापसी कराई। आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 8 रन चाहिए थे। अंतिम गेंद पर जीत के लिए 3 रन की जरूरत थी। भारतीय बल्लेबाजों ने चौका लगाकर टीम को खिताबी जीत दिला दी।


'सीता-राम का जाप कर रहा था'


वीरेंद्र सहवाग ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें आर्यवीर मैच के तुरंत बाद वीडियो कॉल पर अपने पिता से बात करते नजर आ रहे हैं। उस समय भारतीय खिलाड़ी मैदान पर जीत का जश्न मना रहे थे। बातचीत के दौरान आर्यवीर ने बताया कि मैच के आखिरी पलों में वह काफी घबराए हुए थे। उन्होंने कहा, "मैं एक घंटे से बैठा था। इस दौरान सीता-राम, सीता-राम का जाप कर रहा था कि कुछ हो जाए। आखिरी ओवर में 8 रन और फिर आखिरी गेंद पर 3 रन चाहिए थे। बल्लेबाजी करने के लिए गेंदबाज थे। सब सोच रहे थे कि एक चौका लग जाए। चौका लगते ही सब पागल हो गए।"


पाकिस्तानी दर्शक भी लगा रहे थे 'सहवाग-सहवाग' के नारे


आर्यवीर ने अपने पिता को बताया कि स्टेडियम में मौजूद पाकिस्तानी दर्शक भी उनकी बल्लेबाजी की तारीफ कर रहे थे। उन्होंने कहा, "जब मुझे चोट लगी तो फिजियो आए। स्टैंड में करीब 2 हजार पाकिस्तानी थे। सब सहवाग-सहवाग चिल्ला रहे थे। पाकिस्तानी भी सपोर्ट कर रहे थे कि भाई, क्या बैटिंग कर रहा है। मजा आ गया।" वीरेंद्र सहवाग ने बेटे को जीत की बधाई दी और कहा कि पूरी टीम को भी उनकी तरफ से बधाई देना।


टूर्नामेंट में आर्यवीर ने बनाए 361 रन

आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप 2026 की पांच पारियों में कुल 361 रन बनाए। फाइनल में उन्होंने 58 रनों की पारी खेली, जबकि सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ 51 रन बनाए थे। इससे पहले ग्रुप स्टेज में UAE के खिलाफ उन्होंने 160 रन की शानदार पारी खेली थी। उनके इसी प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।