Ram Mandir: एलन मस्क के पिता एरोल मस्क ने अयोध्या पहुंचकर परिवार संग किए राम लला के दर्शन

अयोध्या: स्वर्ण जड़ित भव्य राम मंदिर अब पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना चुका है। इसकी झलक तब देखने को मिली जब दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क के पिता एरोल मस्क अपनी बेटी अलेक्जेंड्रा मस्क और कुछ खास साथियों के साथ अयोध्या पहुंचे। उन्होंने श्रद्धा से रामलला के दर्शन किए और मंदिर की सुंदरता को नजदीक से देखा। जब मंदिर के पुजारियों ने उन्हें रामनामी ओढ़ाई, तो सभी लोग भावुक हो गए।


भारतीय पहनावे में अयोध्या पहुंचे एरोल मस्क

एरोल मस्क अयोध्या में पूरी तरह भारतीय परंपरा के अनुसार कुर्ता-पाजामा पहनकर पहुंचे। इससे पहले उन्होंने हनुमानगढ़ी मंदिर में भी पूजा की और वहां हनुमंतलला के चरणों में माथा टेका।


विवेक बिंद्रा भी रहे साथ

इस खास यात्रा में मशहूर मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. विवेक बिंद्रा भी एरोल मस्क के साथ मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि एरोल मस्क भारत यात्रा से बहुत प्रभावित हैं। विवेक बिंद्रा ने कहा, “जब पूरी दुनिया अयोध्या आकर रामलला के दर्शन कर रही है, तो भारत के हर व्यक्ति को भी अब अयोध्या पहुंचना चाहिए। इसमें देर नहीं करनी चाहिए।”


भारतीय संस्कृति की तारीफ करते दिखे एरोल मस्क

अयोध्या में बने महर्षि वाल्मीक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए एरोल मस्क ने भारत और भारतीयों की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “भारत और अमेरिका के रिश्ते आगे और मजबूत होंगे। मैं भारतीय संस्कृति को अच्छी तरह समझता हूं क्योंकि हमारे देश में भी बड़ी संख्या में भारतीय रहते हैं। भारतीय लोग बहुत ही दयालु, सभ्य और इंसानियत से भरे हुए होते हैं। उनसे मिलकर लगता है जैसे वे दुनिया के सबसे अच्छे लोग हैं।”


अयोध्या की दिव्यता से प्रभावित

एरोल मस्क और उनके परिवार ने राम मंदिर की भव्यता को देखकर कहा कि ऐसा मंदिर दुनिया में कहीं और नहीं देखा। मंदिर की दिव्यता, भारतीय परंपरा और श्रद्धा ने उन्हें गहराई से छू लिया। यह घटना यह साबित करती है कि राम मंदिर अब विश्व संस्कृति का एक केंद्र बनता जा रहा है और इसकी चमक विदेशों तक पहुंच चुकी है।