Pahalgam Attack: यूपी से वापस पाकिस्तान भेजे जाएंगे डेढ़ हजार से अधिक नागरिक

Pahalgam Attack: यूपी से वापस पाकिस्तान भेजे जाएंगे डेढ़ हजार से अधिक नागरिक

लखनऊ, 25 अप्रैल 2025: जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुए कायराना आतंकी हमले के बाद उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। प्रदेश में रह रहे 1,500 से अधिक पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें शीघ्र भारत से वापस भेजा जाएगा।


एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, विभिन्न प्रकार के वीज़ा पर भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की जानकारी एकत्र की जा रही है। इनमें से कुछ नागरिक स्वेच्छा से भारत छोड़कर जा रहे हैं, जबकि जो तय सीमा के भीतर वापस नहीं लौटेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


प्रदेश के सभी जिलों में रहने वाले पाकिस्तानी नागरिकों का ब्योरा जुटाने का काम जारी है। अब तक बरेली में 35, रामपुर में 30, बुलंदशहर में 18 और वाराणसी में 10 पाकिस्तानी नागरिकों की मौजूदगी की जानकारी सामने आई है।


अधिकारियों का कहना है कि कुछ पाकिस्तानी नागरिक वीज़ा अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में अवैध रूप से रह रहे हैं। इनमें से कई अपनी पहचान छुपाकर या बदलकर जीवन यापन कर रहे हैं। ऐसे नागरिकों की भी पहचान कर उन्हें चिन्हित किया जाएगा।


उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) प्रशांत कुमार ने बताया कि अभी केंद्र सरकार की ओर से कोई आधिकारिक आदेश प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन जैसे ही निर्देश मिलते हैं, कानूनी प्रक्रिया तुरंत शुरू कर दी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि भारत की सुरक्षा और नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए सभी अवैध या अनधिकृत निवासियों पर कार्रवाई की जाए।

Editor's Picks