बांकीपुर उपचुनाव: मतदान को लेकर चरम पर उत्साह, रविशंकर प्रसाद, अशोक चौधरी ने डाला वोट, नीतीश की बड़ी बहन की बड़ी अपील
बांकीपुर उपचुनाव में निर्वाचन आयोग के अनुसार सुबह 9 बजे तक 4.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
Bankipur Bypoll : बांकीपुर विधानसभा सीट पर गुरुवार सुबह 7 बजे से उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। मतदान शुरू होते ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई। आम मतदाताओं के साथ-साथ राजनीतिक हस्तियों और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन आयोग के अनुसार सुबह 9 बजे तक 4.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी होगी।
सांसद रविशंकर प्रसाद ने किया मतदान
पटना साहिब से भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने वीमेंस कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से इसी केंद्र पर मतदान करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 10-15 दिनों से वह बांकीपुर में लगातार चुनाव प्रचार कर रहे थे और जनता का व्यापक समर्थन भाजपा के पक्ष में दिखाई दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मतदाता भाजपा को बड़ी जीत दिलाएंगे। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और क्षेत्रीय विधायक रहे नितिन नवीन के नेतृत्व में पटना में विकास के कई कार्य हुए हैं। उन्होंने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील भी की।
अशोक चौधरी का बड़ा ऐलान
वहीं, बिहार सरकार के मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी ने मतदान के बाद कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र राज्य के सबसे अधिक शहरी और शिक्षित मतदाताओं वाले क्षेत्रों में शामिल है। ऐसे में यहां के मतदाताओं को अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में यहां लगभग 40 प्रतिशत मतदान हुआ था। यदि इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ता है तो यह पूरे बिहार के मतदाताओं के लिए सकारात्मक संदेश होगा।
नीतीश कुमार की बड़ी बहन
इस दौरान बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बड़ी बहन ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान सभी प्रमुख दलों के प्रत्याशी उनके घर वोट मांगने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार में जो विकास और बदलाव देखने को मिला है, उसमें नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके अनुसार मतदाताओं को क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
भाजपा का पारंपरिक गढ़
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव बिहार की राजनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा के पारंपरिक गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला है। भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा गुप्ता और जन सुराज ने अपने संस्थापक प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाया है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह चुनाव भाजपा के लिए अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखने की चुनौती है, जबकि प्रशांत किशोर के लिए इसे उनकी राजनीतिक साख और प्रतिष्ठा की बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।
मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और बिहार पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है, जबकि वेबकास्टिंग और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है। अब सभी की निगाहें मतदान प्रतिशत और 3 अगस्त को घोषित होने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।