12 फरवरी को भारत बंद, देशव्यापी हड़ताल का आह्वान, बैंकिंग और परिवहन सेवाओं पर पड़ेगा ऐसा असर

Bharat bandh
Bharat bandh - फोटो : news4nation

Bharat bandh: केंद्र सरकार की श्रम, कृषि और आर्थिक नीतियों के विरोध में देश की 10 से अधिक प्रमुख ट्रेड यूनियनों ने गुरुवार, 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल का आह्वान किया है। इस हड़ताल में बड़े पैमाने पर भागीदारी की संभावना जताई जा रही है, जिससे बैंकिंग और परिवहन सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (AITUC) की महासचिव अमरजीत कौर के अनुसार, इस हड़ताल में करीब 30 करोड़ मजदूरों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि देश के लगभग 600 जिलों में इसका असर देखने को मिल सकता है।


हड़ताल की वजह

INTUC, AITUC, HMS, CITU, AIUTUC, TUCC, SEWA, AICCTU, LPF और UTUC सहित 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच ने इस हड़ताल का आह्वान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने भी इसे समर्थन दिया है। यूनियनों की प्रमुख मांगों में नवंबर 2025 में अधिसूचित चार नए श्रम संहिताओं को रद्द करना, ड्राफ्ट सीड बिल, बिजली संशोधन विधेयक और ‘ट्रांसफॉर्मिंग इंडिया (SHANTI) एक्ट’ को वापस लेना शामिल है। इसके अलावा मनरेगा को प्रभावी रूप से लागू करने, ‘विकसित भारत – रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम, 2025’ को समाप्त करने तथा प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का विरोध भी प्रमुख मुद्दों में है।


संभावित असर

यूनियन नेताओं का दावा है कि कुछ राज्यों में बंद का व्यापक असर पड़ सकता है। विशेषकर ओडिशा और असम में पूर्ण बंद की स्थिति बन सकती है, जबकि अन्य राज्यों में भी प्रदर्शन और कार्यबहिष्कार से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।


स्कूल-कॉलेज पर असर 

देशव्यापी स्तर पर स्कूल और कॉलेज बंद रखने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, केरल जैसे कुछ राज्यों में शिक्षक और छात्र संगठनों के समर्थन के कारण शिक्षण संस्थान बंद रह सकते हैं। अन्य राज्यों में स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लिया जा सकता है।


बैंक और परिवहन सेवाएं

कई सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIBEA), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) और बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI) ने हड़ताल का समर्थन किया है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), बैंक ऑफ बड़ौदा और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) सहित कई बैंकों ने सेवाओं में व्यवधान की आशंका जताई है।


कुछ इलाकों में प्रदर्शन और संभावित सड़क जाम के कारण सार्वजनिक परिवहन सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। बाजार, दुकानें और रेस्टोरेंट बंद रह सकते हैं। हालांकि, हवाई सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होंगी, लेकिन यात्रियों को ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए समय से पहले निकलने की सलाह दी गई है। हॉस्पिटल और एंबुलेंस सेवाओं के सामान्य रूप से चालू रहने की संभावना है।