जनगणना 2027: जाति गणना पर नित्यानंद राय की संसद में बड़ी घोषणा, इन दस्तावेज को रखिये तैयार
पहले चरण में हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (HLO) कराया जाएगा। इस चरण में प्रत्येक घर की आवासीय स्थिति, संपत्ति, उपलब्ध सुविधाएं और बुनियादी ढांचे से जुड़ी जानकारियां एकत्र की जाएंगी।
Census 2027 : जनगणना 2027 के तहत जाति गणना को लेकर चल रहे असमंजस को दूर करते हुए केंद्र सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि जनगणना के दूसरे चरण में जाति से संबंधित आंकड़े भी जुटाए जाएंगे। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में कहा कि भारत में जनगणना की प्रक्रिया परंपरागत रूप से दो चरणों में पूरी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (HLO) कराया जाएगा। इस चरण में प्रत्येक घर की आवासीय स्थिति, संपत्ति, उपलब्ध सुविधाएं और बुनियादी ढांचे से जुड़ी जानकारियां एकत्र की जाएंगी। राय ने कहा कि इस चरण से जुड़े प्रश्नों को 22 जनवरी 2026 को अधिसूचित कर दिया गया है।
इसके बाद जनगणना का दूसरा चरण जनसंख्या गणना (Population Enumeration - PE) होगा। इस चरण में प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय, सामाजिक-आर्थिक, सांस्कृतिक और अन्य व्यक्तिगत जानकारियां ली जाएंगी। गृह राज्य मंत्री ने साफ किया कि इसी चरण में जाति से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की जाएगी।
राय ने यह भी बताया कि जाति गणना को लेकर कई राज्यों और संगठनों से सुझाव व मांगें प्राप्त हुई हैं, जिनमें तमिलनाडु सरकार की ओर से भेजे गए अभ्यावेदन भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण के लिए प्रश्नावली, जिसमें जाति संबंधी प्रश्न भी होंगे, जनगणना शुरू होने से पहले तय कर अधिसूचित की जाएगी और पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न होगी।