दिल्ली से बिहार जा रही यात्री बस कुशीनगर में दुर्घटनाग्रस्त, मासूम बच्ची समेत 3 की मौत, कई घायल

हादसे में बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हुई थी। बस दिल्ली के आनंद विहार से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही थी और उसमें करीब 50 यात्री सवार थे।

Bus Crashes in Kushinagar
Bus Crashes in Kushinagar- फोटो : news4nation

Bihar News :  दिल्ली से बिहार जा रही यात्रियों से भरी एक बस उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। पथरवा थाना क्षेत्र के लबानिया चौराहे के पास हुई इस दुर्घटना में डेढ़ साल की मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।


पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक अन्य यात्री ने कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में दो पुरुष और डेढ़ साल की एक बच्ची शामिल हैं।


हादसे में बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हुई थी। बस दिल्ली के आनंद विहार से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही थी और उसमें करीब 50 यात्री सवार थे। शुरुआती पुलिस जानकारी में छह से अधिक घायलों की बात कही गई, जबकि पीटीआई की रिपोर्ट में 10 लोगों के घायल होने का उल्लेख है। हादसे का समय सुबह करीब 5:45 बजे बताया गया है। ओवरटेक के दौरान टक्कर होने की बात सामने आई है, हालांकि जांच के बाद ही दुर्घटना की अंतिम वजह स्पष्ट होगी। 

 


ओवरटेक के दौरान ट्रक से टकराई बस

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर लबानिया चौराहे के पास एक ट्रक से टकरा गई। बताया जा रहा है कि बस चालक दूसरे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और खिड़कियों के शीशे टूट गए। बस में फंसे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।


बिहार के मुजफ्फरपुर जा रहे थे यात्री

बताया जा रहा है कि बस दिल्ली के आनंद विहार से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही थी। इसमें करीब 50 यात्री सवार थे। दीपावली और छठ का त्योहार मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।


 रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों में एक बच्ची और दो पुरुष शामिल हैं। घायलों में बिहार के मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी के यात्रियों के साथ नेपाल के झापा और उदयपुर के निवासी भी शामिल बताए गए हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक चालक के मौके से फरार होने की भी जानकारी सामने आई है। उसकी तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।