जेपी नड्डा से मिले स्वास्थ्य मंत्री निशांत, बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बनी रणनीति, नीतीश से भी मंत्रणा
जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद निशांत ने कहा, बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और आम लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
Bihar News : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। नड्डा के आवास पर हुई इस मुलाकात में बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। निशांत ने इसे शिष्टाचार मुलाकात बताते हुए कहा कि बातचीत के दौरान राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि बिहार में रेफरल अस्पतालों, सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों और ट्रॉमा सेंटरों से जुड़े विषयों पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ बातचीत हुई। इसके अलावा बिहार में पीपीपी मॉडल पर संचालित अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और आम लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। इसी सिलसिले में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ राज्य की मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था और भविष्य की योजनाओं को लेकर बातचीत हुई।
पिता नीतीश कुमार से भी की मुलाकात
जेपी नड्डा से मुलाकात से पहले निशांत ने अपने पिता और जेडीयू के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार से भी मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद उन्होंने पार्टी और राजनीतिक स्थिति को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। निशांत ने कहा कि जनता का आशीर्वाद उनके दल जेडीयू के साथ है और पार्टी में सब कुछ ठीक चल रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर संगठन में सब बढ़िया है।

निशांत की नीतीश कुमार और उसके बाद जेपी नड्डा से हुई मुलाकात को बिहार की राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक तरफ उन्होंने अपने पिता से मुलाकात कर पार्टी की स्थिति को लेकर संदेश दिया, वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ बैठक में बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया।

स्वास्थ्य क्षेत्र में कई योजनाओं पर जोर
निशांत के स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद से बिहार सरकार की ओर से स्वास्थ्य क्षेत्र में अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने, गंभीर मरीजों के लिए बेहतर रेफरल व्यवस्था तैयार करने और सुपर स्पेशलिटी एवं ट्रॉमा सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में निशांत की नड्डा से मुलाकात को केंद्र से सहयोग और स्वास्थ्य क्षेत्र की आगामी योजनाओं के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पीपीपी मॉडल से संचालित अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को लेकर हुई चर्चा भी महत्वपूर्ण है। आने वाले दिनों में इन मुद्दों पर केंद्र और बिहार सरकार के बीच समन्वय से नई योजनाओं या परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की उम्मीद की जा रही है।