टिकट पर रेलवे ने बदला नियम! अब यात्रियों ने की यह गलती तो हो जाएंगे बेटिकट लगेगा भारी जुर्माना
रेलवे ने साफ कर दिया है कि टिकट का स्क्रीनशॉट, फोटो, PDF कॉपी, WhatsApp या किसी अन्य मैसेजिंग ऐप पर भेजी गई कॉपी यात्रा के लिए वैध नहीं होगी।
Railway ticket rule : अगर आप ट्रेन के जनरल डिब्बे में सफर करने के लिए मोबाइल पर आए टिकट का स्क्रीनशॉट या WhatsApp पर भेजी गई कॉपी दिखाकर यात्रा करते हैं, तो अब सावधान हो जाइए। भारतीय रेलवे ने अनारक्षित (Unreserved) डिजिटल टिकट को लेकर नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब टिकट जांच के दौरान केवल Rail One App में मौजूद Original Digital Ticket ही मान्य होगा। स्क्रीनशॉट, WhatsApp पर भेजा गया टिकट, फोटो या PDF कॉपी दिखाने पर टिकट अमान्य माना जाएगा और यात्री पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
रेलवे के अनुसार, यह फैसला डिजिटल टिकटों के दुरुपयोग और फर्जी टिकटों पर रोक लगाने के लिए लिया गया है। अब अनारक्षित टिकट उसी मोबाइल फोन में होना चाहिए, जिससे उसे बुक किया गया था। साथ ही टिकट उसी रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर उपलब्ध होना चाहिए और टिकट चेकिंग स्टाफ को Rail One App में ही दिखाना होगा।
किन टिकटों को माना जाएगा अमान्य?
रेलवे ने साफ कर दिया है कि टिकट का स्क्रीनशॉट, फोटो, PDF कॉपी, WhatsApp या किसी अन्य मैसेजिंग ऐप पर भेजी गई कॉपी यात्रा के लिए वैध नहीं होगी। यानी यदि आपने किसी परिजन से टिकट बुक करवाया है और उन्होंने आपको केवल स्क्रीनशॉट भेज दिया है, तो वह टिकट जांच के दौरान स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ट्रेन छूटने के बाद टिकट खरीदा तो भी नहीं चलेगा
रेलवे ने एक और महत्वपूर्ण नियम स्पष्ट किया है। Rail One App से अनारक्षित टिकट ट्रेन के बोर्डिंग स्टेशन से रवाना होने से पहले ही बुक करना होगा। यदि ट्रेन स्टेशन छोड़ने के बाद टिकट खरीदा गया, तो वह टिकट भी अमान्य माना जाएगा, भले ही वह ऐप में दिखाई दे रहा हो।
महिला यात्री पर लगा जुर्माना
हाल ही में कोरबा–विशाखापत्तनम लिंक एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक महिला यात्री ने टिकट जांच के दौरान अपने भाई द्वारा WhatsApp पर भेजा गया टिकट का स्क्रीनशॉट दिखाया। जांच में पता चला कि टिकट ट्रेन रवाना होने के बाद बुक किया गया था और वह यात्री के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर उपलब्ध भी नहीं था। रेलवे नियमों के अनुसार टिकट अमान्य पाया गया और महिला यात्री पर जुर्माना लगाया गया।
यात्रियों के लिए रेलवे की सलाह
रेलवे ने यात्रियों से कहा है कि जिस मोबाइल से टिकट बुक किया गया है, उसी फोन को यात्रा के दौरान साथ रखें। मोबाइल की बैटरी पर्याप्त चार्ज रखें और यात्रा शुरू करने से पहले टिकट में स्टेशन, तारीख तथा अन्य विवरण अवश्य जांच लें। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि स्क्रीनशॉट या फॉरवर्ड किए गए टिकट के भरोसे यात्रा न करें।
क्या रिजर्व टिकट पर भी लागू होगा नियम?
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह नया नियम केवल Rail One App से बुक किए गए अनारक्षित (Unreserved) डिजिटल टिकटों पर लागू होगा। रिजर्व टिकटों के लिए पहले की व्यवस्था ही लागू रहेगी, जहां पहचान पत्र के आधार पर सत्यापन किया जाता है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
रेलवे के इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर कई यात्रियों ने नाराजगी भी जताई है। लोगों का कहना है कि इस नियम से सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्गों, तकनीक से कम परिचित यात्रियों और उन लोगों को होगी, जिनकी टिकट उनके परिवार के सदस्य अपने मोबाइल से बुक करते हैं। हालांकि रेलवे का कहना है कि यह कदम टिकट सत्यापन को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए उठाया गया है, ताकि फर्जी टिकटों और दुरुपयोग पर रोक लगाई जा सके।