पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश सुधीर सिंह बनेंगे उत्तराखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश
कॉलेजियम में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के अलावा न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना शामिल हैं। कॉलेजियम की सिफारिश के बाद अब इन नियुक्तियों पर केंद्र सरकार को निर्णय लेना है।
High Court Chief Justices : पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश सुधीर सिंह को उत्तराखंड हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश (चीफ जस्टिस) नियुक्त करने की सिफारिश की गई है। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की अध्यक्षता वाले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 26 अक्टूबर को हुई बैठक में उनके नाम की अनुशंसा केंद्र सरकार से की। कॉलेजियम ने विभिन्न हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए कुल चार नामों की सिफारिश की है।
कॉलेजियम में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के अलावा न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना शामिल हैं। कॉलेजियम की सिफारिश के बाद अब इन नियुक्तियों पर केंद्र सरकार को निर्णय लेना है।
तीन अन्य न्यायाधीशों के नामों की भी सिफारिश
कॉलेजियम ने तेलंगाना हाईकोर्ट में कार्यरत न्यायमूर्ति पी. सैम कोशी को दिल्ली हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। वहीं, गुजरात हाईकोर्ट में कार्यरत न्यायमूर्ति मनाश रंजन पाठक को गुजरात हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की अनुशंसा की गई है। इसके अलावा, कलकत्ता हाईकोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति तपब्रत चक्रवर्ती को तेलंगाना हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की गई है।
केंद्र की मंजूरी के बाद नियुक्ति
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश न्यायिक नियुक्ति प्रक्रिया का अहम चरण है। अब इन नामों पर केंद्र सरकार की ओर से आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। न्यायमूर्ति सुधीर सिंह की उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति बिहार के न्यायिक क्षेत्र के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।