तेज प्रताप को फोन पर जान से मारने की धमकी, मांगे पैसे, वीडियो भी होगा वायरल
तेज प्रताप के मुताबिक, मोबाइल नंबर 7520322647 से उन्हें तथा उनके साथ जुड़े कई लोगों को कथित रूप से धमकाया और ब्लैकमेल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर डराने का प्रयास किया जा रहा है
Bihar News : जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने एक मोबाइल नंबर से उन्हें और उनके साथ जुड़े कई लोगों को कथित तौर पर धमकी देने और ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि खास तौर पर उनकी पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम करने वाले लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मामले की तत्काल और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
तेज प्रताप के मुताबिक, मोबाइल नंबर 7520322647 से उन्हें तथा उनके साथ जुड़े कई लोगों को कथित रूप से धमकाया और ब्लैकमेल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर डराने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस तरह की शिकायतें पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की ओर से भी सामने आई हैं।
कार्रवाई की मांग
तेज प्रताप ने अपने पोस्ट में कहा कि वह इस नंबर को लेकर पहले भी सार्वजनिक रूप से अपनी बात रख चुके हैं और संबंधित व्यक्ति या व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर चुके हैं। इसके बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है।
किसका संरक्षण प्राप्त
उन्होंने सरकार और प्रशासन से पूछा कि इस नंबर के पीछे कौन है और उसे किसका संरक्षण प्राप्त है? तेज प्रताप ने कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई में देरी कई गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं किसी प्रभावशाली व्यक्ति का संरक्षण होने के कारण कार्रवाई तो नहीं हो रही है।
हालांकि, तेज प्रताप ने स्पष्ट किया कि वह बिना जांच किसी व्यक्ति की संलिप्तता को अंतिम सत्य नहीं मान रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने संबंधित प्रशासन और जांच एजेंसियों से मोबाइल नंबर से जुड़े कॉल, संदेश और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की विधिसम्मत जांच कराने की मांग की है।
धमकियों से डरने वाला नहीं
तेज प्रताप ने मांग की है कि नंबर के वास्तविक उपयोगकर्ता और उसके पीछे मौजूद लोगों की पहचान की जाए तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। JJD अध्यक्ष ने कहा कि वह इस तरह की धमकियों से डरने या दबने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी से जुड़े किसी कार्यकर्ता, सहयोगी, महिला या पुरुष को डराने-धमकाने की कोशिश हुई तो वह उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे और उनकी आवाज उठाएंगे।
तेज प्रताप की इस पोस्ट के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। हालांकि, धमकी और ब्लैकमेल के आरोपों की वास्तविकता तथा मोबाइल नंबर के पीछे कौन व्यक्ति या लोग हैं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।