बिहार के तीन युवकों की नोएडा में दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कुचला, पसरा मातम
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करन, विश्वजीत और मिथुन बिहार के अररिया जिले के निवासी थे। वे रोजी-रोटी की तलाश में ग्रेटर नोएडा आए थे और यहां धान की रोपाई का काम कर रहे थे।
Bihar Workers Killed in Greater Noida : बिहार के तीन मजदूरों की ग्रेटर नोएडा में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे पैदल जा रहे तीनों युवकों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई। मृतकों की पहचान बिहार के अररिया जिले के रहने वाले करन (22), विश्वजीत (24) और मिथुन (25) के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
यह हादसा बुधवार देर रात करीब 10:30 बजे ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली क्षेत्र स्थित जेवर-खुर्जा मार्ग पर नीमका गांव के सामने हुआ। पुलिस के अनुसार तीनों युवक सड़क किनारे पैदल जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करन, विश्वजीत और मिथुन बिहार के अररिया जिले के निवासी थे। वे रोजी-रोटी की तलाश में ग्रेटर नोएडा आए थे और यहां धान की रोपाई का काम कर रहे थे। बुधवार रात किसी जरूरी काम से पैदल जा रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही जेवर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में मातम पसर गया। जांच के दौरान पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान स्कॉर्पियो के रूप में कर ली है। मृतकों के परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।
जेवर कोतवाली निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया की बिहार के गांव जमुआ थाना तरावड़ी जिला अररिया के रहने वाले थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।