Parliament Special Session: परिसीमन बिल पर मोदी सरकार का बड़ा दांव, दो-तिहाई बहुमत का गणित कैसे सधेगा? INDIA गठबंधन में सेंध की चर्चा, 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र

Parliament Special Session:संसद के विशेष सत्र से पहले सियासी पारा चढ़ने लगा है। 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र पर पूरे देश की निगाहें टिकी हैं।

Parliament Special Session: परिसीमन बिल पर मोदी सरकार का बड़
परिसीमन बिल पर मोदी सरकार का बड़ा दांव- फोटो : social Media

Parliament Special Session:संसद के विशेष सत्र से पहले सियासी पारा चढ़ने लगा है। 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र पर पूरे देश की निगाहें टिकी हैं। इससे पहले आज दोपहर एक बजे सेवातीर्थ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक में संसद के एजेंडे के साथ परिसीमन बिल के संशोधित प्रस्ताव पर भी मुहर लग सकती है। महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर सरकार की रणनीति पर भी मंथन होने की संभावना है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस बार सरकार ने सदन में जरूरी दो-तिहाई बहुमत का इंतजाम कर लिया है?

संसदीय कार्यमंत्री की ओर से साझा जानकारी के मुताबिक, लोकसभा अध्यक्ष से 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक सदन की बैठक बुलाने का आग्रह किया गया है। वहीं राज्यसभा के सभापति से 2 और 3 दिसंबर को बैठक आयोजित करने का अनुरोध किया गया है। यानी लोकसभा में चार दिन और राज्यसभा में दो दिन विशेष सत्र चलेगा। सरकार के इस कार्यक्रम ने राजनीतिक दलों की बेचैनी बढ़ा दी है।

दरअसल, परिसीमन बिल सरकार के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन चुका है। इससे पहले 17 अप्रैल 2026 को 131वां संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन विधेयक लोकसभा में आवश्यक समर्थन नहीं जुटा पाने के कारण गिर गया था। उस मतदान में 528 सांसदों ने हिस्सा लिया था। विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई समर्थन नहीं मिलने से सरकार को झटका लगा था।

अबकी बार सरकार नए सिरे से सियासी समीकरण साधने में जुटी है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, एनडीए के पास करीब 320 सांसदों का समर्थन बताया जा रहा है। इसके बावजूद दो-तिहाई बहुमत के लिए अतिरिक्त समर्थन की दरकार होगी। सूत्रों का दावा है कि कुछ क्षेत्रीय दलों और गैर-एनडीए सांसदों के रुख में बदलाव की संभावना है। वहीं कुछ दल मतदान से दूरी बना सकते हैं। हालांकि, किस दल का अंतिम रुख क्या होगा, यह सदन में ही साफ होगा।

दूसरी तरफ कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) समेत विपक्षी दलों के विरोध की संभावना जताई जा रही है। परिसीमन के मुद्दे पर दक्षिण भारतीय राज्यों के प्रतिनिधित्व और लोकसभा सीटों के नए बंटवारे को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

विशेष सत्र से पहले केंद्रीय गृह मंत्री की ओर से महिला आरक्षण में देरी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधना भी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। अब निगाहें कैबिनेट के फैसले और संसद में होने वाली वोटिंग पर हैं। सबसे बड़ा इम्तिहान यही होगा कि सरकार अपने दावे के मुताबिक बहुमत जुटा पाती है या एक बार फिर परिसीमन का प्रस्ताव सियासी गणित में उलझकर रह जाता है।