विपक्ष ने उपचुनाव में दिखाया दम, AAP और कांग्रेस ने लहराया परचम, TMC और BJP की बढ़त बरकरार
By Election Result: देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों ने आगामी राजनीतिक हवा की दिशा को स्पष्ट कर दिया है। ...

By Election Result: देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों ने आगामी राजनीतिक हवा की दिशा को स्पष्ट कर दिया है। भले ही इन चुनावों का सीधे तौर पर किसी राज्य सरकार की स्थिरता पर असर नहीं पड़ता, लेकिन राजनीतिक संकेत बहुत दूर तक जाते हैं और इस बार के नतीजे कई मायनों में अहम हैं।
चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की काउंटिंग में राजनीतिक तस्वीर अब लगभग साफ़ हो चुकी है, और विपक्षी दलों ने भाजपा को सीधी चुनौती देने का संदेश दे दिया है। गुजरात की विसावदर सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ी सफलता मिली है। पार्टी के चर्चित नेता गोपाल इटालिया ने बीजेपी के कीर्ति पटेल को 17,554 वोटों से हराकर सीट अपने नाम कर ली। गुजरात जैसे बीजेपी के गढ़ में AAP की यह जीत पार्टी के लिए बड़ी रणनीतिक बढ़त मानी जा रही है।
वहीं केरल की नीलांबुर सीट पर कांग्रेस नेतृत्व वाले UDF के उम्मीदवार आर्यदान शौकत ने CPI(M) के एम. स्वराज को 11,077 वोटों से हराकर जीत दर्ज की है। यह जीत कांग्रेस के लिए साउथ में एक राहत की खबर है, जहां वाम दलों के साथ उसकी सीधी टक्कर रहती है।
गुजरात की कड़ी सीट पर भाजपा ने मजबूत बढ़त बना रखी है, और यहां उसकी जीत तय मानी जा रही है। इससे पार्टी को राज्य में आंतरिक संतुलन बनाए रखने में सहूलियत मिलेगी।
पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट पर आप उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। इस बढ़त से साफ संकेत है कि पंजाब में AAP का जनाधार अब भी बरकरार है और आने वाले दिनों में राज्यसभा की एक सीट भी पार्टी के खाते में जा सकती है।
पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) की अलीफा अहमद ने जोरदार बढ़त बना ली है। भाजपा यहां संघर्ष से काफी दूर दिख रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, ये उपचुनाव भले ही सत्ता की तस्वीर न बदलें, लेकिन 2024 के बाद के समीकरणों में विपक्ष की संभावनाओं को ताकत जरूर दे रहे हैं।