PM Modi On Energy Crisis: वैश्विक संकट के बीच PM मोदी के 9 बड़े सुझाव, 1 साल तक सोना न खरीदें WFH अपनाएं, विदेश यात्रा टालें
PM Modi On Energy Crisis: ऊर्जा संकट के बीच पीएम मोदी ने पेट्रोल-डीजल बचाने और इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल बढ़ाने समेत देशवासियों को 9 बड़े सुझाव दिए है।
PM Modi On Energy Crisis: वैश्विक ऊर्जा संकट और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल, डीजल, गैस और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों का संयमित उपयोग करने की अपील की है। रविवार को तेलंगाना में लगभग 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का डिजिटल उद्घाटन और शिलान्यास करने के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में हर नागरिक की जिम्मेदारी बढ़ जाती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देशभक्ति केवल देश के लिए बलिदान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि कठिन समय में जिम्मेदारी से जीवन जीना और राष्ट्रहित में अपने दायित्व निभाना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि आयातित पेट्रोलियम उत्पादों का इस्तेमाल केवल आवश्यकता के अनुसार किया जाना चाहिए, ताकि विदेशी मुद्रा की बचत हो और वैश्विक संकट का असर कम किया जा सके।
पीएम मोदी के 9 बड़े सुझाव
1. पेट्रोल-डीजल की खपत कम करें
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने सौर ऊर्जा और एथनॉल मिश्रण के क्षेत्र में बड़ी प्रगति की है। अब देश को ऊर्जा बचत की दिशा में और तेज़ी से काम करना होगा।
2. मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग
उन्होंने लोगों से जहां संभव हो, वहां मेट्रो, बस और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की। इससे पेट्रोल-डीजल की खपत कम होगी।
3. कार-पूलिंग अपनाएं
निजी वाहन का उपयोग जरूरी होने पर कार-पूलिंग को बढ़ावा देने की सलाह दी गई। साथ ही माल परिवहन के लिए रेलवे को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
4. इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिक उपयोग
प्रधानमंत्री ने इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास ईवी हैं, वे उनका अधिक से अधिक इस्तेमाल करें।
5. वर्क फ्रॉम होम और वर्चुअल मीटिंग
कोविड काल में अपनाए गए वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस और वर्चुअल मीटिंग जैसे उपायों को फिर से अपनाने की अपील की गई।
6. विदेशी मुद्रा की बचत
मोदी ने लोगों से अनावश्यक विदेश यात्राओं, विदेश में छुट्टियां मनाने और विदेशों में शादियों से बचने की अपील की, ताकि विदेशी मुद्रा भंडार सुरक्षित रखा जा सके।
7. घरेलू पर्यटन को बढ़ावा
उन्होंने कहा कि लोग भारत में ही पर्यटन और उत्सवों को प्राथमिकता दें। इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
8. सोने की अनावश्यक खरीदारी से बचें
प्रधानमंत्री ने एक वर्ष तक सोने की अनावश्यक खरीद से बचने और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की सलाह दी।
9. सौर ऊर्जा और प्राकृतिक खेती अपनाएं
किसानों से रासायनिक उर्वरकों का उपयोग कम करने, प्राकृतिक खेती अपनाने और डीजल की जगह सौर ऊर्जा से चलने वाले सिंचाई पंपों का उपयोग बढ़ाने की अपील की गई।
बंगाल और तेलंगाना पर भी बोले पीएम
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने “तानाशाही मॉडल” को हराकर भाजपा को भारी बहुमत दिया है। उन्होंने दावा किया कि तेलंगाना में भी बदलाव की लहर दिखाई दे रही है और भविष्य में भाजपा वहां सरकार बनाएगी।
विकास पर राजनीति नहीं होनी चाहिए
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के बयान का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि विकास के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार को केंद्र की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
पेट्रोलियम कंपनियों को भारी नुकसान
सूत्रों के अनुसार इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी तेल कंपनियां पिछले 10 सप्ताह से पुराने दामों पर ईंधन बेच रही हैं। इससे उन्हें प्रतिदिन 1,600 से 1,700 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो रहा है। कुल नुकसान एक लाख करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
पीएम मोदी ने पेश की मिसाल
प्रधानमंत्री मोदी का हेलीकॉप्टर हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में उतरना था, लेकिन वहां एक शादी समारोह आयोजित था। जानकारी मिलने पर पीएम ने हेलीकॉप्टर किसी अन्य स्थान पर उतारने का निर्देश दिया और 18 किलोमीटर सड़क मार्ग से यात्रा की। उनके इस फैसले की विभिन्न दलों के नेताओं ने सराहना की।