Bihar News: राजद दफ़्तर में वैचारिक मंथन पर हुआ महाजुटान, समकालीन राजनीति और जगदेव बाबू पर संगोष्ठी, सामाजिक न्याय की सियासत को मिली नई धार

Bihar News:राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यालय में सियासी सरगर्मी उस वक्त चरम पर दिखी, जब “भारत लेनिन” के नाम से मशहूर अमर शहीद जगदेव प्रसाद बाबू की जयंती पर एक वैचारिक संगोष्ठी सह पत्रकार मिलन समारोह का आयोजन किया गया।

RJD Hosts Ideological Churn Seminar on Jagdev Babu
राजद दफ़्तर में वैचारिक मंथन पर हुआ महाजुटान- फोटो : reporter

Bihar News:राष्ट्रीय जनता दल  के राष्ट्रीय कार्यालय में सियासी सरगर्मी उस वक्त चरम पर दिखी, जब “भारत लेनिन” के नाम से मशहूर अमर शहीद जगदेव प्रसाद बाबू की जयंती पर एक वैचारिक संगोष्ठी सह पत्रकार मिलन समारोह का आयोजन किया गया। “उपेक्षित वर्गों को सशक्त बनाने की राजनीति से प्रेरित समकालीन राजनीति और जगदेव बाबू” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में राजनीति, विचार और पत्रकारिता का अनोखा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम के संयोजक सह राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रोफेसर सुबोध कुमार मेहता ने कहा कि आज की समकालीन राजनीति जब सत्ता, संख्या और समीकरणों में उलझती जा रही है, ऐसे दौर में जगदेव बाबू के विचार एक वैचारिक कम्पास की तरह रास्ता दिखाते हैं। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पत्रकार जय शंकर गुप्ता और विनोद अग्निहोत्री ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की और सामाजिक न्याय की राजनीति में जगदेव बाबू की प्रासंगिकता को सधे हुए अंदाज़ में रेखांकित किया।

सुबोध मेहता ने कहा कि जगदेव प्रसाद बाबू बिहार की समाजवादी राजनीति के ऐसे मज़बूत स्तंभ थे, जिन्होंने शोषित, वंचित और हाशिये पर खड़े तबकों की आवाज़ को सत्ता के गलियारों तक पहुंचाया। सामाजिक बराबरी, समानता और हक़ की सियासत उनके लिए नारा नहीं बल्कि जीवन दर्शन थी। यही वजह है कि उन्हें “भारत लेनिन” कहा गया। 1974 के सामाजिक परिवर्तन आंदोलन में शहादत देने वाले जगदेव बाबू भले ही शारीरिक रूप से हमारे बीच न हों, लेकिन उनके विचार आज भी जनआंदोलनों और प्रगतिशील राजनीति की रूह बने हुए हैं।

कार्यक्रम में मौजूद जनसमूह ने संकल्प लिया कि जगदेव बाबू के दिखाए रास्ते पर चलते हुए सामाजिक न्याय, समावेशी व्यवस्था और सर्वांगीण विकास की लड़ाई को और तेज़ किया जाएगा। वक्ताओं ने इस बात पर ज़ोर दिया कि मौजूदा सियासी दौर में जब लोकतांत्रिक मूल्यों पर सवाल उठ रहे हैं, तब जगदेव बाबू की वैचारिकी और भी ज़्यादा प्रासंगिक हो जाती है।

इस मौके पर लोकसभा में राजद संसदीय दल के नेता अभय कुशवाहा, राज्यसभा सांसद संजय यादव, बक्सर से लोकसभा सांसद सुधाकर सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बुद्धिजीवी मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में सामाजिक समरसता, समावेशी राजनीति और वंचित वर्गों की सशक्त भागीदारी को आगे बढ़ाने की बात कही।

कार्यक्रम के समापन के बाद बिहार और संसद की राजनीति को कवर करने वाले पत्रकारों के साथ पत्रकार मिलन समारोह भी आयोजित हुआ, जहां सियासत, सरोकार और संवाद का सिलसिला देर तक चलता रहा।

रिपोर्ट- धीरज कुमार सिंह