Road Accident: भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 3 लोग जिंदा जले, कार पलटते ही लगी आग, परिजनों में मचा कोहराम

सड़क हादसा
3 लोग जिंदा जले - फोटो : social media

Road Accident: भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। घटना मध्यप्रेद के बालाघाट जिले का है। जानकारी अनुसार बैहर-मलाजखंड मार्ग पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जिनमें एक 3 साल का मासूम भी शामिल है।

बचने का नहीं मिला मौका

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार चालक प्रीतम केलकर अपनी पत्नी, बच्चे और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पवनी लौट रहे थे। शनिवार देर रात करीब 11 बजे केवलारी चौराहा के पास उनकी कार अचानक बेकाबू होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई और कुछ ही पलों में आग का गोला बन गई। पुलिस के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कार सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। राहगीरों ने हिम्मत दिखाते हुए कार का शीशा तोड़कर कुछ लोगों को बाहर निकाला।

3 की हालत गंभीर 

इस दौरान 8 साल की बच्ची पूर्वी राहांगडाले, चालक प्रीतम केलकर (30) और उनकी मां नानाबाई केलकर (60) को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हालांकि, प्रीतम के पिता नगारची केलकर (65), पत्नी सविता केलकर (28) और 3 साल के बेटे अभि केलकर कार के अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए।

पुलिस जांच में जुटी

जयंत मर्सकोले (थाना प्रभारी) ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद आने के कारण कार अनियंत्रित हुई और मोड़ के बाद सीधे सड़क से नीचे उतर गई, जिससे यह भीषण हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।