विधानसभा उपचुनाव : टिकट कटते ही बीजेपी नेता के समर्थकों ने किया हाईवे जाम, जमकर हुआ पथराव, चले आंसू गैस और कई पुलिसकर्मी घायल
भाजपा नेता और पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को उम्मीद थी कि पार्टी इस बार उन्हें दतिया उपचुनाव का टिकट देगी। लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया तो अब दतिया में भारी बवाल मचा हुआ है
Datia Bypoll : टिकट नहीं मिलने से नाराज भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने मध्य प्रदेश के दतिया में जमकर बवाल किया। विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी की ओर से अशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद हजारों समर्थक सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को करीब 12 घंटे तक जाम रखा और पुलिस के साथ उनकी झड़प हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। अधिकारियों के अनुसार, दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा ने अशुतोष तिवारी को प्रत्याशी घोषित किया है। इस फैसले से नाराज नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते करीब 3,000 से अधिक लोग प्रदर्शन में शामिल हो गए और राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया।
प्रशासन ने जब प्रदर्शनकारियों से सड़क खाली करने की अपील की, तो स्थिति हिंसक हो गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें दतिया के पुलिस अधीक्षक सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। इसके बाद सुरक्षा बलों ने हाईवे को खाली कराया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
दतिया के पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने बताया कि पथराव में छह से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, टिकट वितरण से नाराज होकर भाजपा के कुछ स्थानीय पदाधिकारियों ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इनमें जिला इकाई के अध्यक्ष और कुछ पार्षद भी शामिल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को उम्मीद थी कि पार्टी इस बार उन्हें दतिया उपचुनाव का टिकट देगी। उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीद लिया था, लेकिन अंतिम समय में भाजपा नेतृत्व ने अशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित कर दिया। अशुतोष तिवारी दतिया जिले के सेवढ़ा कस्बे के रहने वाले हैं और लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय हैं। उम्मीदवार घोषित होने के बाद उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि "डॉ. नरोत्तम मिश्रा मेरे वरिष्ठ नेता और अभिभावक हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह पार्टी और मेरे लिए चुनाव प्रचार करेंगे।"
गौरतलब है कि निर्वाचन आयोग ने हाल ही में देश की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की है। इनमें मध्य प्रदेश की दतिया, बिहार और गुजरात की एक-एक विधानसभा सीट शामिल हैं। इन सीटों पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।