Poisonous liquor Death: देश के इस राज्य में जहरीली शराब का कहर, 13 लोगों की मौत से हड़कंप

Poisonous liquor Death: महाराष्ट्र में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत हो गई। पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में हड़कंप, आरोपी अवैध शराब विक्रेता गिरफ्तार।

Poisonous liquor Death
अवैध शराब ने ली 13 लोगों की जान- फोटो : freepik

Poisonous liquor Death:  महाराष्ट्र में एक बार फिर जहरीली शराब ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है। पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के अलग-अलग इलाकों में जहरीली शराब पीने से अब तक 13 लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार पिंपरी-चिंचवड़ के दापोडी और फुगेवाड़ी इलाके में 8 लोगों की मौत हुई है। वहीं पुणे के काले पड़ल इलाके में 3 और हडपसर इलाके में 2 लोगों ने जहरीली शराब पीने के बाद दम तोड़ दिया। सभी लोगों की हालत शराब पीने के कुछ समय बाद अचानक बिगड़ गई थी।

शराब पीने के बाद निकलने लगा झाग

बताया जा रहा है कि यह जहरीली और स्पिरिट मिलाकर बनाई गई शराब योगेश वानखेडे नाम के व्यक्ति ने तैयार की थी। उसने इस शराब को पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के कई इलाकों में बेचा था। शराब पीने के बाद लोगों के मुंह से झाग निकलने लगा और उनकी तबीयत तेजी से खराब होने लगी। कई लोगों की इलाज के लिए अस्पताल ले जाने से पहले ही मौत हो गई।

अवैध शराब बेचने का काम करता था आरोपी

पुलिस के मुताबिक आरोपी योगेश वानखेडे अवैध शराब बेचने का काम करता था और उसके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। घटना के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि जहरीली शराब में किन-किन चीजों का इस्तेमाल किया गया था। घटना के बाद इलाके में डर और गुस्से का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध शराब की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।