NDA में शामिल हुए अंडरवर्ल्ड डॉन रहे अरुण गवली के भतीजे सचिन अहीर, उद्धव ठाकरे को लगा एक और बड़ा झटका
सचिन अहीर पूर्व विधायक और अंडरवर्ल्ड डॉन से सामाजिक कार्यकर्ता बने अरुण गवली के भतीजे भी हैं। अब वे उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका देकर एनडीए में शामिल हो गए
Political News: महाराष्ट्र की राजनीति में उद्धव ठाकरे को एक और बड़ा झटका लगा है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के विधान परिषद सदस्य (MLC) सचिन अहीर ने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थाम लिया है। उन्होंने सत्तारूढ़ बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन की ओर से महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति (Deputy Chairperson) पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।
सचिन अहीर ने विधान भवन परिसर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आने वाले दिनों में शिवसेना (UBT) के अन्य MLC भी शिंदे गुट का रुख कर सकते हैं, जिससे उद्धव ठाकरे की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना (UBT) के मुंबई दक्षिण से सांसद और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अरविंद सावंत ने सचिन अहीर को तत्काल अयोग्य घोषित करने की मांग की है।
गौरतलब है कि एक समय सचिन अहीर को उद्धव ठाकरे और उनके बेटे आदित्य ठाकरे का बेहद करीबी माना जाता था। सचिन अहीर पहले शरद पवार के नेतृत्व वाली अविभाजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायक रह चुके हैं। वर्ष 2019 में उन्होंने अविभाजित शिवसेना का दामन थामा था और मुंबई की वर्ली विधानसभा सीट आदित्य ठाकरे के लिए छोड़ दी थी। सचिन अहीर पूर्व विधायक और अंडरवर्ल्ड डॉन से सामाजिक कार्यकर्ता बने अरुण गवली के भतीजे भी हैं।
इस बीच, एकनाथ शिंदे के करीबी सहयोगी और महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने बड़ा दावा करते हुए कहा, "आदित्य ठाकरे को छोड़कर बाकी सभी विधायक शिवसेना में शामिल होंगे। हमारी पार्टी 'इनकमिंग मोड' में है।" इस घटनाक्रम को महाराष्ट्र की राजनीति में उद्धव ठाकरे के लिए एक और बड़े राजनीतिक झटके के रूप में देखा जा रहा है।