Bihar Politics : बड़हरा विधानसभा क्षेत्र में कल जनसंवाद कार्यक्रम का होगा आयोजन, अशोक चौधरी के साथ बिहार सरकार के कई मंत्री करेंगे शिरकत

Bihar Politics : भोजपुर जिले के बड़हरा विधानसभा क्षेत्र में कल जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. जिसमें अशोक चौधरी के साथ बिहार सरकार के कई मंत्री शिरकत करेंगे.......पढ़िए आगे

Bihar Politics : बड़हरा विधानसभा क्षेत्र में कल जनसंवाद कार्
जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन - फोटो : SOCIAL MEDIA

ARA : बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव और जदयू नेता अरविन्द कुमार उर्फ़ छोटू सिंह ने जानकारी दी कि 20 अगस्त 2025 को भोजपुर ज़िला के बड़हरा विधानसभा क्षेत्र में थाना के समीप स्थित स्टेडियम परिसर में ग्रामीण कार्य मंत्री माननीय अशोक चौधरी का भव्य जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। सिंह ने क्षेत्र की जनता से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक सफलता दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा की यह सुनहरा मौका है, जब क्षेत्र की जनता अपने मंत्री के साथ सीधा संवाद कर सकती है।  

सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में बिहार सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रीगण—खाद्य आपूर्ति मंत्री लेशी सिंह, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री  सुमित सिंह तथा विधान परिषद सदस्य विजय कुमार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि इन जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की महत्ता और बढ़ेगी तथा आमजन को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी एक मंच पर प्राप्त होगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जनसंवाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व में ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा हाल में आरंभ कराई गई अनेक जनहितकारी योजनाओं के शिलान्यास/कार्यारंभ से संबंधित विवरण साझा करने और उन पर व्यापक चर्चा के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। सिंह के अनुसार इन योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंच रहा है, जिससे बिहार में विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ रहे हैं।

सिंह ने कहा कि कार्यक्रम की सफलता हेतु वृहद स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया गया है। उन्होंने बताया कि आज बड़हरा विधानसभा के एकौना पंचायत के मुखिया संजय सिंह सहित विधानसभा अंतर्गत 16 पंचायतों के मुखियागण के साथ व्यापक जनसंपर्क किया गया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बड़हरा की जागरूक जनता मुख्यमंत्री तथा  ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी के नेतृत्व में चल रही योजनाओं और सशक्त बिहार निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाएगी। सिंह ने यह भी अवगत कराया कि इस दौरान विभिन्न पंचायतों के मुखिया एवं पंचायत सदस्यगण के अलावा गांधी जी, नागा सिंह, सुनील सिंह, रामजस सिंह, अरविन्द सिंह एवं अजय सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।