Bihar Road accident:आरा-छपरा फोरलेन पर भीषण हादसा, पिकअप पलटने से आठ मज़दूर ज़ख़्मी, पांच की हालत गंभीर

Bihar Road accident:आरा-छपरा फोरलेन पर दर्दनाक हादसा हुआ है। एक अज्ञात वाहन ने मजदूरों से भरी पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। इसमें 8 लोग घायल हो गए हैं...

Ara Road accident
आरा-छपरा फोरलेन पर भीषण हादसा- फोटो : reporter

Bihar Road accident: आरा जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के मनभावन मोड़ पर आरा-छपरा फोरलेन पर दर्दनाक हादसा हुआ। एक अज्ञात वाहन ने मजदूरों से भरी पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चार्ट में पलट गई। इस हादसे में पिकअप पर सवार आठ मज़दूर गंभीर रूप से ज़ख़्मी हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़, घटना के बाद सड़क पर अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कोईलवर पीएचसी पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए पाँच मज़दूरों को आरा सदर अस्पताल रेफ़र कर दिया गया, जबकि तीन घायलों का इलाज कोईलवर पीएचसी में जारी है।

ज़ख्मियों की पहचान बबुरा थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के रूप में हुई है। इनमें बबुरा गांव निवासी रामचंद्र महतो का 30 वर्षीय पुत्र रत्न महतो, स्व. अकलू पासवान का 35 वर्षीय पुत्र सत्येंद्र पासवान, राजेंद्र पासवान का 28 वर्षीय पुत्र भुअर पासवान, गीता पासवान का 27 वर्षीय पुत्र सोनू पासवान एवं धूसरियाँ गांव निवासी स्व. पतीराम राम का 40 वर्षीय पुत्र भरत राम शामिल हैं। सभी रोज़गार के सिलसिले में बबुरा से कोईलवर की ओर मजदूरी करने जा रहे थे।

घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही पिकअप मनभावन मोड़ के समीप पहुंची, सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप सीधे पलट गई और उसमें सवार मजदूर बुरी तरह घायल हो गए।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि आरा-छपरा फोरलेन पर तेज़ रफ्तार और बिना रोक-टोक के वाहन दौड़ना आम बात है। आए दिन यहां सड़क हादसे होते रहते हैं, लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था और पुलिस की सख्ती न होने से हादसों पर लगाम नहीं लग पा रही है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इस दुर्घटना ने एक बार फिर से फोरलेन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- आशीष कुमार