नहीं थम रही हर्ष फायरिंग, तिलक समारोह में नाच देखने गए 11 वर्षी बच्चे को लगी गोली
Arrah - भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिपरा जलपा गांव में रविवार की देर रात तिलक समारोह के दौरान अचानक चली गोली से एक 11 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल बच्चा पिपरा जलपा गांव के निवासी धर्मेंद्र राम का 11 वर्षीय पुत्र अंश राज है। वहीं गोली बच्चे के पैर में लगी है। जिसके बाद उसे इलाज के लिए आरा शहर के एक निजी अस्पताल में लाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना को लेकर जख्मी अंश राज ने बताया कि गांव में तिलक समारोह आयोजित था, जिसमें नाच-गाना भी रखा गया था। खाना खाने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ नाच देखने गया था। इसी दौरान वह शौच के लिए पास ही गया, तभी अचानक उसके पैर में गोली लग गई।
गोली किसने चलाई, इसकी जानकारी किसी को नहीं मिल सकी है। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
दूसरी तरफ घटना की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल से पूछताछ कर रही है। वहीं पुलिस घटनास्थल और आसपास मौजूद लोगों से भुगतना की जानकारी ली और यह पता लगाने की कोशिश में है कि गोली किसने और क्यों चलाई। गांव में तिलक समारोह में गोलीबारी की इस घटना से लोगों में भारी आक्रोश है। फिलहाल अंश राज की हालत स्थिर बताई जा रही है।
रिपोर्टर आशीष कुमार भोजपुर आरा