Bihar Crime News : खिड़की खोलते ही बदमाशों ने महिला पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, मौके पर हुई मौत, इलाके में मचा हड़कंप
Bihar Crime News : बेखौफ बदमाशों ने महिला के खिड़की खोलते ही उसपर फायरिंग कर दी. जिससे मौके पर उसकी मौत हो गयी......पढ़िए आगे
ARA : भोजपुर जिले के अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के अगिआंव बाजार गांव में सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका 21 वर्षीय निराशा देवी अगिआंव बाजार निवासी मणिभूषण गुप्ता की पत्नी थी। कनपटी में गोली लगी है। पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। पीरो एसडीपीओ केके सिंह घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंच जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। परिजन खिड़की के रास्ते फायरिंग कर गोली मारे जाने का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि, पुलिस को प्रथम दृष्टया यह बात हजम नहीं हो रही है। इसलिए पुलिस अभी हर एंगल पर जांच कर वैज्ञानिक तरीके से भी ठोंस साक्ष्य एकत्रित करने में लगी है।
घटनास्थल से कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है। जानकारी के मुताबिक सुबह परिवार के लोग घर में सोए थे। बाहर खटर-पटर की आवाज होने पर निराशा देवी की नींद खुल गई। खिडकी खोलने जा रही थी, तभी बाहर मौजूद शख्स ने फायर कर दिया। गोली निराशा की कनपटी में लगी और वह वहीं गिर कर तड़फड़ाने लगी।
घर के लोग कुछ समझ पाते तब तक निराशा देवी ने दम तोड़ दिया। वहीं,गोली मारने वाला भाग निकला। किसी ने आरोपित का चेहरा नहीं देखा। बाद में सूचना पर अगिआंव बाजार पुलिस पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।
आरा से आशीष की रिपोर्ट